Bangkok Pub Fire: बंद दरवाजों के पीछे घुट गईं 27 जिन्दगियां; जश्न की रात ऐसे बनी दर्दनाक त्रासदी

बैंकॉक के एक लोकप्रिय पब में रविवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक शॉर्ट सर्किट ने 27 लोगों की जान ले ली. लापरवाही से बंद पड़े निकास द्वारों ने मासूमों से जिंदगी का आखिरी मौका भी छीन लिया.

Bangkok Pub Fire : रविवार की रात बैंकॉक के 'रोंग बीर ना लाट फ्राओ' पब में हर आम वीकेंड की तरह संगीत, दोस्तों के ठहाकों और जश्न से गुलजार थी. किसी को अंदाजा नहीं था कि घड़ी में आधी रात का कांटा छूते ही यह खुशियां थाईलैंड के इतिहास की सबसे खौफनाक रात की आपदाओं में बदल जाएंगी. मंच के पास एयर कंडीशनर में हुए एक शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने पल भर में पूरे पब को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल लोगों में से 22 की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.

​जश्न का पल जो आखिरी चीख में बदल गया ​

आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि पब में मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. जो लोग कुछ मिनट पहले जिंदगी का जश्न मना रहे थे, वे अचानक जान बचाने के लिए एक-दूसरे के ऊपर गिरने-संभलने लगे. देखते ही देखते पूरा पब काले और घने जहरीले धुएं से भर गया. पब का वह कोना जो थोड़ी देर पहले तक दोस्तों के ठहाकों से गूंज रहा था, वह अचानक चीख-पुकार और बेबसी का गवाह बन गया.

​बंद दरवाजे और अपनों से चंद कदम की दूरी

​इस त्रासदी का सबसे स्याह और दिल को झकझोर देने वाला पहलू इमरजेंसी एग्जिट का बंद होना था. बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपंट ने पुष्टि की कि रसोई के पास स्थित एक निकास द्वार पर बीयर के डिब्बे रखे होने के कारण रास्ता पूरी तरह ब्लॉक था, जबकि दूसरे निकास द्वार पर एक बड़ी मेज रखी हुई थी. जैसे ही आग ने पब के अगले हिस्से को अपनी चपेट में लिया, डरे हुए ग्राहक पीछे की ओर भागे, लेकिन सामने खड़े बंद रास्तों ने उनसे जिंदगी का आखिरी मौका भी छीन लिया. लोग बाहर की खुली हवा और जिंदगी से महज चंद कदम की दूरी पर तड़पते रह गए.

​जहरीला धुआं बना मौत की वजह

​इंडिया टुडे की रिपोर्ट के हवाले से दमकलकर्मी चकरित खोंगकोम ने बताया कि कई जीवित बचे और मृत लोगों के शरीर आग से गंभीर रूप से झुलसे नहीं थे, बल्कि वे जहरीले धुएं से जिंदगी की जंग हार गए. धुएं के कारण पब के अंदर दृश्यता शून्य हो गई थी और सांस लेना लगभग असंभव था. अपनों को ढूंढते और जान बचाने की जद्दोजहद करते हुए कई लोग पब के बाथरूम और रसोई के कोनों में एक-दूसरे से लिपटे पाए गए, जो उनकी आखिरी बेबसी को बयां कर रहा था. प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. वहीं मलबे में तलाश का काम अब भी जारी है.


ये भी पढ़ें : Thailand Fire : बैंकॉक के पब में लगी भीषण आग, 27 की मौत, भयावह वीडियो आया सामने


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >