कराची : सडक किनारे आज हुए एक विस्फोट में एक चीनी इंजीनियर और उसका पाकिस्तानी ड्राइवर घायल हो गए हैं. इस हमले की जिम्मेदारी एक लगभग अज्ञात अलगाववादी समूह ने लेते हुए 46 अरब डॉलर की लागत वाली महत्वकांक्षी चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे का काम अवरुद्ध करने की कसम खायी है.
कराची के गुलशन ए हदीद इलाके से गुजर रही एक मिनी बस सुबह साढे आठ बजे रिमोट कंट्रोल के जरिए किए गए इस बम विस्फोट की चपेट में आ गयी. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राव अनवर ने पुष्टि की है कि उन्हें मौके से पर्चे मिले हैं जिनपर सिंधी भाषा में एक समूह ‘‘सिंधुदेश रेवोल्यूशनरी पार्टी” का नाम छपा हुआ है.
अनवर ने कहा, ‘‘हमें विस्फोट स्थल से सिंधी में लिखे पर्चे मिले हैं जिनमें सिंध के प्राकृतिक संसाधनों पर विदेशी नियंत्रण की निंदा की गई है.” एक अन्य पर्चे में ‘सिंधुदेश रेवोल्यूशनरी पार्टी’ ने चीन को सिंध के संसाधनों के लूट के विरुद्ध आगाह किया है.
पर्चे में कहा गया है, ‘‘विश्व शक्ति के रुप में उभर रहे चीन को हम पाकिस्तान का सहयोगी मानते हैं और उसे सिंध का संसाधन लूटने के लिए प्रदेश को पंजाबी संगठन का गुलाम बनाने का सह-अपराधी भी मानते हैं, इसलिए गुलशन-ए-हदीद में चीनी नागरिक पर हुए बम हमले की जिम्मेदारी लेते हैं.” उसमें कहा गया है, ‘‘हम चीन को स्पष्ट करना चाहते हैं कि हम चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा सहित सिंध-विरोधी प्रत्येक परियोजना का विरोध करेंगे .”
