वाशिंगटन : एक अमेरिकी कंपनी ने दुनिया भर के कलर ब्लाइंड लोगों की परेशानी को दूर करने के लिए एक खास तरह का चश्मा बनाया है. इस चश्मे को पहनने के बाद उन्हें हरा और लाल रंग साफ दिखाई देगा.
आपको बता दें कि कलर ब्लाइंडनेस एक खास किस्म की बीमारी होती है, जिसमें प्रभावित व्यक्ति का दिमाग लाल और हरे रंग को ठीक से पहचान नहीं पाता. इसी वजह से ऐसे लोगों को आमतौर पर पुलिस, अग्निशमन, विमान के पायलट, इलेक्ट्रीशियन जैसे पेशों में नौकरी नहीं मिल पाती थी. इसके अलावा इन लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं दिया जाता है क्योंकि ट्रैफिक सिग्नलों के लाल और हरे रंग को उनके द्वारा न पहचानने की वजह से दुर्घटना की सम्भावना बढ़ जाती है.
अमेरिका के सन फ्रांसिस्को के बर्कले की एन क्रोमा नाम की इस कंपनी ने कलर ब्लाइंड लोगों की परेशानी को समझते हुए इस चश्मे को करीब दो साल पहले बनाया था लेकिन अब कंपनी ने और इस चश्मे को और ज्यादा बेहतर बनाते हुए इसका अपग्रेडेड मॉडल आम लोगों के उपयोग के लिए बाजार में उतार दिया है. ये चश्मा पहनकर दृष्टिदोष से परेशान लोग आराम से सारे काम तो कर ही सकते हैं, साथ ही इसे पहने हुए खेल भी सकते हैं.
सामान्य इन्सान की आंख में तीन फोटो पिगमेंट होते हैं जो रोशनी को दिमाग तक पहुंचाते हैं और इसके बाद दिमाग उन संकेतों के आधार पर रंगों का निर्णय करता है लेकिन कलर ब्लाइंड लोगों में लाल और हरे पिगमेंट की कमी या गड़बड़ी होती है जिसकी वजह से उनके दिमाग को रंगों की साफ पहचान नहीं हो पाती.
रंगों को पहचानने की इसी कमी को दूर करते हुए एन क्रोमा ने ऐसा लेंस बनाया है जो लाल और हरे रंग को अलग करते हुए दिमाग तक साफ संकेत भेजता है, जिससे इन रंगों की पहचान आसन हो जाती है.
इस उत्पाद के बाद अब कंपनी कलर ब्लाइंड लोगों के लिए घर के अन्दर पहने जाने लायक चश्मे के विकास में जुट गयी है. कंपनी का मानना है कि इस चश्मे के बनने से दुनिया भर में लाखों कलर ब्लाइंड लोगों को फायदा होगा और वे भी और लोगों की तरह सामान्य जीवन जी सकेंगे.
