डसेलडोर्फ (जर्मनी) : फ्रांसीसी अभियोजन पक्ष ने आज जर्मनविंग्स एयरलाइन के दुर्घटनाग्रस्त हुए बोईंग विमान 4U9525 के दूसरे ब्लैक बॉक्स के मिलने की पुष्टि की है. अधिकारियों को फ्रेंच आल्प्स की पहाड़ियों में इस क्रैश से जुड़ी और महत्वपूर्ण चीजें मिलने की आशा है.
इस विमान के पहले ब्लैक बॉक्स के वोइस डाटा रिकॉर्डर की जांच से जांचकर्ताओं को पता चला था कि विमान के सह-पायलट ऐन्द्रिआस लुबित्ज ने कॉकपिट को जान-बूझकर अन्दर से लॉक किया था और 150 यात्रियों के साथ इस हवाई जहाज को आल्प्स की पहाड़ियों में क्रैश कर दिया था.
अभियोजन अधिकारी ब्राइस रोबिन ने बताया कि उन लोगों को उम्मीद है कि इस दूसरे ब्लैक बॉक्स के मिलने से एयरबस A320 के इस दुखद क्रैश के बारे में और जानकारी मिल सकेगी. ये जानकारी जांच को आगे बढ़ाने के अलावा इस मामले के पूरे खुलासे में मदद करेगी.
गौरतलब है कि फ्रांसीसी अभियोजन अधिकारियों ने सबसे पहले ये खुलासा किया था कि इस विमान के सह-पायलट ने जान-बूझकर कॉकपिट के दरवाजे को अन्दर से लॉक किया था और गहरे अवसाद की बीमारी का शिकार होने की वजह से उसने इसे क्रैश कर दिया.
विभिन्न अंतरराष्ट्रीय समाचार माध्यमों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक, ये बात भी सामने आ रही है कि उक्त सह-पायलट कई सालों से डिप्रेशन और नींद न आने की बीमारी से परेशान था. उसने इसका जिक्र लुफ्तांसा की अपनी ट्रेनिंग अकेडमी में भी किया था.
इस बात को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं कि अगर एयरलाइन के अधिकारियों को पता था कि ऐन्द्रिआस लुबित्ज को मानसिक बीमारी है तो आखिर उसे किस आधार पर जहाज उड़ाने की अनुमति दी गई.
दूसरे ब्लैक बॉक्स के फ्लाइट डाटा रिकॉर्डर से मिले सबूतों से इन सारे सवालों को सुलझाने का सूत्र भी मिलने की आशा है. इस हादसे के बाद यूरोप, ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों ने अब विमानों के कॉकपिट में कम से कम दो लोगों की हर समय उपस्थिति को अनिवार्य बना दिया है.
