डुसेलडॉर्फ (जर्मनी): जर्मनविंग्स की विमान की दुर्घटना के लिए जिस सह-पायलट को जिम्मेदार माना जा रहा है, उसने पायलट का लाइसेंस मिलने से कई साल पहले खुदकुशी करने की प्रवृत्ति का उपचार कराया था.
डुसेलडॉर्फ में अभियोजन कार्यालय के प्रवक्ता राफ हेरेनब्रूक ने कहा, ‘‘बाद के कुछ सालों में और हाल तक वह डॉक्टरों के पास जाता था और बीमार था लेकिन बाद में उसने खुदकुशी की प्रवृत्ति होने या दूसरों के प्रति उग्रता होने का कोई संकेत नहीं दिखाया था.’’उन्होंने एक बयान में कहा कि अभियोजन पक्ष के लोग मारे जा चुके सह-पायलट के मकसद के बारे में चल रही अटकलों का हिस्सा नहीं बनेंगे.
हेरेनब्रूक ने कहा कि चिकित्सकीय दस्तावेजों और सह-पायलट लुबिज को जानने वाले लोगों के बयान के आधार पर इस बात का कोई संकेत नहीं है कि उसने किसी को भी अपनी सोच के बारे में बताया था या कोई सुसाइड नोट छोडा था.
उन्होंने कहा कि लुबिज ने 2013 में पायलट बनने से कई साल पहले खुदकुशी की प्रवृत्ति का पता चलने के बाद लंबे समय तक साइकोथैरेपी कराई थी. हेरेनब्रूक के मुताबिक हालांकि उसका उपचार करने वाले डॉक्टरों ने हाल तक इस तरह का कोई संकेत नहीं पाया कि वह खुद को या दूसरों को नुकसान पहुंचाना चाहता था.
