जिनेवा : वैश्विक अर्थव्यवस्था की धीमी वृद्धि दर को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र ने आज एक रिपोर्ट जारी की है. इस रिपोर्ट में चेताया गया है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर सुस्त बने रहने की वजह से अगले पांच साल में वैश्विक स्तर पर बेरोजगारों की संख्या में 1.1 करोड़ की वृद्धि होने की संभावना है.
अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन की वर्ल्ड एंप्लॉयमेंट सोशल आउटलुक रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2019 में 21.2 करोड से ज्यादा लोग बेरोजगार होंगे. बेरोजगारों की यह संख्या आज के दौर में 20.1 करोड़ है. रिपोर्ट में कहा गया कि वर्ष 2014 में 15 से 24 साल की उम्र के लगभग 7.4 करोड़ युवा काम की तलाश में थे और कुल 20.1 करोड़ लोग बेरोजगार थे.
यह संख्या वर्ष 2008 में शुरू हुए वैश्विक आर्थिक संकट से पहले की संख्या से 3.1 करोड़ ज्यादा है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि युवा महिलाएं इस चलन से अनुपातहीन रूप से प्रभावित थीं.
आइएलओ के महानिदेशक गुई राइडर ने कहा ‘वैश्विक अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर सुस्त बनी हुई है और इसके स्पष्ट परिणाम दिखाई देंगे.’ आइएलओ संयुक्त राष्ट्र की ऐसी विशिष्ट एजेंसी है, जो सामाजिक न्याय और अंतरराष्ट्रीय तौर पर मान्य मानवीय एवं श्रम अधिकारों के लिए काम करती है.
