काबुल : अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने फ्रांसिसी पत्रिका शार्ली एब्दो के दफ्तर पर कट्टरपंथी बंदूकधारियों के घातक हमले के बाद पत्रिका के मुखपृष्ठ पर पैगंबर मोहम्मद का कार्टून, जिसे मुस्लिम गैर इस्लामी मानते हैं, प्रदर्शित करने के फैसले की आज भर्त्सना की.
राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में गनी ने ‘कार्टून को पवित्र इस्लाम धर्म और मुस्लिम जगत का अपमान बताया. ’ हमले के बाद प्रकाशित पत्रिका के मुखपृष्ठ को लेकर दुनियाभर के मुसलमान नाराज हैं. पाकिस्तान से लेकर नाइजर तक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, क्योंकि ऐसे प्रस्तुतीकरण की इस्लाम में मनाही है.राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा, ‘‘अफगान राष्ट्र की ओर से राष्ट्रपति गनी इस अपमानजनक कृत्य की निंदा करते हैं और इसे धार्मिक मूल्यों का तिरस्कार करने वाला कदम मानते हैं.’’
उन्होंने इसे प्रकाशित करने के पत्रिका के निर्णय को ‘‘गैर-जिम्मेदाराना’’ करार दिया.पेरिस में शार्ली हेब्दो के कार्यालय में शरीफ और सईद काउची बंधुओं न 7 जनवरी को 12 लोगों को मौत के घाट उतार देने के बाद बुधवार के इस पत्रिका का ताजा अंक प्रकाशित हुआ था. गनी ने इस हमले को नृशंस करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की थी.
