यमन के तट के पास मंगलवार (4 अगस्त) को हुए हमले के बाद भारतीय झंडे वाले एक मालवाहक जहाज डूब गया. जहाज पर सवार सभी 13 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया. इस घटना पर विदेश मंत्रालय (MEA) ने कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कमर्शियल जहाजों पर हमले तुरंत बंद होने चाहिए और समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए.
केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि यमन के समुद्री क्षेत्र के पास MSV Faize Noore Oliya नामक कमर्शियल जहाज किसी प्रोजेक्टाइल की चपेट में आने के बाद डूब गया. वहीं, यमन सरकार समर्थित नेशनल रेजिस्टेंस फोर्सेज का दावा है कि जहाज पर देश के पश्चिमी तट के पास विस्फोटकों से भरी एक नाव से हमला किया गया था. दोनों पक्षों ने हमले के तरीके को लेकर अलग-अलग जानकारी दी है.
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी इस मालवाहक जहाज पर हुए इस अकारण हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे पूरी तरह अस्वीकार्य बताया.
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने क्या लिखा एक्स पर?
सोनोवाल ने एक्स पर लिखा कि यमन के समुद्री क्षेत्र के पास भारतीय मालवाहक जहाज MSV Faize Noore Oliya पर एक प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ, जिससे जहाज पलटकर डूब गया. भारत इस मालवाहक जहाज पर हुए इस अकारण हमले की कड़ी निंदा करता है. राहत की बात है कि जहाज पर सवार सभी 14 नाविकों (जिनमें 13 भारतीय शामिल हैं) को यमन कोस्ट गार्ड ने सुरक्षित बचाकर मोखा बंदरगाह पहुंचा दिया है. मैंने महानिदेशक समुद्री प्रशासन (DGMA) को निर्देश दिया है कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बचाए गए चालक दल को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ तालमेल कर तत्काल कदम उठाए जाएं.
