इस्लामाबाद/ नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को पत्र लिखकर कहा है कि वह ‘‘टकराव और हिंसा मुक्त’’ वातावरण में द्विपक्षीय संबंधों को ‘‘नई उंचाइयों’’ तक ले जाने की दिशा में अग्रसर होने के इच्छुक हैं.
मोदी ने गत दो जून के शरीफ के पत्र के जवाब में लिखे पत्र में कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच शांति, मित्रता और सहयोग से परिभाषित संबंध से हमारे युवाओं के लिए व्यापक अवसर मिलेगा तथा यह हमारे लोगों के लिए समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करेगा और हमारे क्षेत्र की प्रगति में तेजी लाएगा.उन्होंने इसके साथ ही इस सप्ताह के शुरु में कराची में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की और इस ‘‘निर्मम एवं बर्बर’’ हमले में हुई जनहानि पर अपनी ‘‘गहरी संवेदना’’ जतायी. मोदी ने कहा कि वह शरीफ के साथ उनकी दिल्ली यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबधों को लेकर हुई चर्चाओं और विचारों के अभिसरण को लेकर उत्साहित हैं.
