बेरुत : दमिश्क हवाई अड्डे के पास आज तडके एक ‘भीषण’ विस्फोट हुआ जिसके कारण वहां आग लग गयी। इस संबंधी में सीरियाई सरकार के सहयोगी हिज्बुल्ला का कहना है कि यह ‘‘संभवत:” इस्राइली हवाई हमले का नतीजा है.
लेबनानी आतंकवादी समूह के टेलीविजन चैनल अल-मनार का कहना है कि इसमें एक गोदाम और ईंधन टैंक नष्ट हुआ है. हालांकि उसने यह नहीं बताया कि दोनों संपत्ति उसकी है या सीरियाई सेना की.सीरिया में 2011 से शुरु हुए गृह युद्ध के बाद से इस्राइल ने कई हवाई हमले किये हैं. उसका कहना है कि वह अपने लेबनानी कट्टर दुश्मन हिज्बुल्ला के हथियारों के काफिलों और गोदामों को निशाना बनाता है.
हमेशा की तरह इस्राइली सेना ने विस्फोट पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.इस्राइल के खुफिया विभाग मंत्री यिस्राइल कात्ज का कहना है कि उनकी सरकार का रुख रहा है कि वह हिज्बुल्ला को हथियारों की आपूर्ति रोकता है. लेकिन उन्होंने इसकी पुष्टि नहीं की कि हमले के पीछे उनके देश का हाथ है.
अल-मनार का कहना है कि प्राथमिक सूचनाओं के अनुसार विस्फोट से सिर्फ माल को नुकसान पहुंचा है, कोई हताहत नहीं हुआ है. चैनल का कहना है, ‘‘अल-मनार के संवाददाता ने बृहस्पतिवार को दमिश्क अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पास ईधंन टैंकों और गोदाम में विस्फोट की सूचना दी है और संभवत: यह इस्राइली हवाई हमले का परिणाम है.”
