कुआलालंपुर : उत्तर कोरिया के नेता के सौतेले भाई किम जोंग नाम की हत्या के मामले की जांच कर रही मलेशियाई पुलिस ने कथित तौर पर गुरुवार को कहा कि उन्होंने हत्या कांड के संबंध में एक अन्य महिला को हिरासत में लिया है. रिपोर्टों में कहा गया था कि दोनों महिलाओं ने कुआलालंपुर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पीड़ित के चेहरे पर जहर छिड़का था. इसके बाद बुधवार को 28 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया गया था, जिसके पास वियतनाम का एक पासपोर्ट था.
पुलिस महानिरीक्षक तान सरी खालिद अबु बकर ने मलेशिया की बरनामा संवाद समिति से दूसरी महिला को हिरासत में लिये जाने की पुष्टि की, लेकिन उन्होंने विस्तृत जानकारी मुहैया नहीं करायी. आधिकारिक बयान बाद में जारी किया जायेगा. सेलांगर राज्य पुलिस के प्रमुख अब्दुल समाह मात ने इससे पहले एएफपी को बताया कि अधिकारी कई संदिग्धों की तलाश कर रहे हैं. मामले में गिरफ्तार की गयी पहली महिला को गुरुवार को अदालत में पेश किया जायेगा.
