वाशिंगटन : निवर्तमान अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और प्रथम महिला मिशेल ओबामा ने अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति के शपथग्रहण के कुछ ही घंटे पहले व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया का आज स्वागत किया.
ट्रंप की कारों का काफिला व्हाइट हाउस पहुंचा जहां ओबामा दंपति उनके स्वागत के लिए इंतजार कर रहे थे. जैसे ही ट्रंप की कार ड्राइवे पर रुकी, उन्होंने ओबामा का इशारे से अभिवादन किया. ओबामा दंपति पोर्श की सीढियों के उपर इंतजार कर रहे थे.
जैसे ही ट्रंप कार से उतरे, ओबामा ने उनसे मुखातिब हो कर कहा, ‘‘नवनिर्वाचित राष्ट्रपति.’ ओबामा दंपति ने ट्रंप दंपति का गर्मजोशी से स्वागत किया। ओबामा ने उनसे पूछा, ‘‘कैसे हैं आप? कैसा रहा चर्च?’ वह चर्च की प्रार्थना का जिक्र कर रहे थे जिसमें सुबह ट्रंप दंपति शामिल हुए.
