वाशिंगटन : अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन कैरी ने कहा है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ के संबंध हक्कानी नेटवर्क जैसे खूंखार आतंकवादी संगठनों से होने पर अमेरिका बहुत चिंतित है.
कैरी ने कांग्रेस में एक सुनवाई के दौरान कल सदन की विदेश मामलों की समिति के सदस्यों से कहा, ‘‘मेरा आशय है कि राष्ट्रपति, हम सभी आईएसआई के संबंधों को लेकर गहनरूप से चिंतित हैं. हम हक्कानी नेटवर्क की गतिविधियां चलाने की आजादी को लेकर गहराई से चिंतित हैं.’ कैरी ने कहा कि इन चीजों पर गोपनीय तरीके से ही चर्चा हो सकती है.
वाशिंगटन में अगले हफ्ते होने वाली अमेरिका-पाकिस्तान रणनीतिक वार्ता के दौरान चर्चा के लिए यह मुद्दा आ सकता है.
इससे पहले कांग्रेस की सदस्य तुलसी गबार्ड ने आइएसआइ के हक्कानी नेटवर्क के साथ संबंधों के विषय को उठाया था.
