लाहौर : पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक शैक्षिक संस्थान के पास आज उस समय दो युवा संदिग्ध आत्मघाती हमलावर मारे गए जब उनके विस्फोटक जैकेट में उनके बीच संभवत: हुए झगडे के चलते विस्फोट हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि दो युवक यहां से करीब 200 किलोमीटर दूर सरगौधा विश्वविद्यालय रोड पर मौजूद थे, उसी दौरान हुए विस्फोट में दोनों मारे गए.
पुलिस और बम निरोधक दस्ता कुछ समय बाद मौके पर पहुंचा और उनके अंग एकत्रित करके उनका डीएनए परीक्षण करने के लिए उन्हें कम्बाइंड मिलिटरी हॉस्पिटल सरगौधा पहुंचाया ताकि उनकी पहचान की जा सके. एक पुलिस अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, दोनों मारे गए व्यक्ति हमलावर प्रतीत होते हैं.
उन्होंने बताया कि ऐसी संभावना हो सकती है कि उनके आत्मघाती जैकेट में दुर्घटनावश विस्फोट हो गया. पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है. विस्फोट स्थल के आसपास में शैक्षिक संस्थान, एक रेलवे स्टेशन और पुलिस कार्यालय हैं.
