वाशिंगटनः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव संसद के निचले सदन यानी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव में पास हो गया. निचले सदन से प्रस्ताव पारित हो जाने के बाद अब ऊपरी सदन सीनेट में मुकदमा चलेगा. वोटिंग में ट्रंप पर महाभियोग चलाने के प्रस्ताव को बहुमत मिला है. इससे पहले हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव में बुधवार को करीब 10 घंटे तक बहस हुई.
इस दौरान डेमोक्रेटिक प्रतिनिधि सुसान डेविस ने सदन में जोरदार भाषण देते हुए कहा कि हम राष्ट्रपति पर महाभियोग नहीं लगा रहे हैं. वह खुद ही ऐसा कर रहे हैं. आप राष्ट्रपति हैं और आप न्याय में बाधा डालते हैं. आप एक विदेशी नेता को रिश्वत देने का प्रयास करते हैं. आप राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हैं. आपका महाभियोग होगा.
बता दें कि ट्रंप पर सत्ता के दुरुपयोग और विधि निर्माताओं को जांच करने से रोकने के आरोप लगाए गए हैं. ट्रंप को अगले महीने सीनेट में मुकदमे का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन यहां उनकी पार्टी को बहुमत है. ऐसे में नहीं लगता है कि उन्हें पद से हटाया जा सकेगा.
इससे पहले हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव की स्पीकर नैन्सी पॉलोसी ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप की बतौर राष्ट्रपति उल्टी गिनती शुरू हो गई है. इससे पहले मंगलवार की शाम को ही डोनाल्ड ट्रंप ने नैन्सी पॉलोसी को चिट्ठी लिखकर उन्हें खरी-खोटी सुनाई थी.
