काबुल : अफगानिस्तान के पश्चिम फराह प्रांत में खराब मौसम के कारण वरिष्ठ अधिकारियों को लेकर जा रहा सेना का एक हेलीकॉप्टर बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसके कारण पश्चिमी जोन के उप कोर कमांडर सहित उसमें सवार सभी 25 लोगों की मौत हो गयी.
फराह गवर्नर के प्रवक्ता नासिर मेहदी ने बताया कि हेलीकॉप्टर पर्वत अनार दारा जिले से नजदीक के हेरात प्रांत की ओर रवाना होने के तुरंत बाद सुबह करीब नौ बज कर 10 मिनट (अंतरराष्ट्रीय समयानुसार सुबह चार बजकर 40 मिनट) पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर में सवार लोगों में अफगानिस्तान के पश्चिमी जोन के उप कोर कमांडर जनरल नैमुदुल्ला खलील और फराह प्रांतीय परिषद के अध्यक्ष फरीद बख्तावर और जमीला अमिनी भी शामिल थे. जमीला नौ सदस्यीय परिषद की दो महिलाओं में से एक थी. फराह में हाल के दिनों में सेना का दूसरा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ. सितंबर में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण चालक दल के पांच सदस्य मारे गये थे. विस्तृत जानकारी दिये बगैर जांचकर्ताओं ने दुर्घटना का कारण तकनीकी खराबी को बताया था.
इस बीच, गृह मंत्रालय के प्रवक्ता नजीब दानिश ने बताया कि राजधानी काबुल के पूर्व में देश की सबसे बड़ी जेल के बाहर एक आत्मघाती हमले में जेलकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों सहित सात लोग मारे गये. उन्होंने बताया कि हमलावर ने बुधवार तड़के जेलकर्मियों को लेकर जा रही एक बस को निशाना बनाया. विशाल पुल-ए-चरखी जेल में कई तालिबानियों सहित सैकड़ों कैदी बंद हैं. जेल के एक अधिकारी अबदुल्ला करीमी के मुताबिक, हमला जेल के द्वार के नजदीक हुआ जिसमें कई आगंतुक प्रवेश से पहले सख्त सुरक्षा जांच से गुजरने का इंतजार कर रहे थे. हमले की तत्काल किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है.
