देवघर : राजकीय श्रावणी मेला 2018 की सभी तैयारी पूरी हो गयी है. शुक्रवार से बाबा मंदिर में अरघा सिस्टम चालू हो जायेेगा. गर्भगृह के अलावा बाबा मंदिर प्रांगण में तीन अतिरिक्त अरघा लगाये जायेंगे. मुख्यमंत्री रघुवर दास मेले का उद्घाटन करेंगे. उक्त जानकारी डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने समाहरणालय सम्मेलन कक्ष में प्रेसवार्ता में कही.
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद कांवरियों के देवघर से बासुकिनाथ एवं बासुकिनाथ से देवघर आवागमन के लिए 25 गाड़ियों के परिचालन पर विचार किया जा रहा है. ऑटो के किराया में बढ़ोतरी कर दी गयी है.
ओवरलाेड करते पकड़े गये तो जुर्माना वसूल किया जायेगा. उन्होंने कहा कि बाबा मंदिर के सभी कर्मचारियों की ड्यूटी बांट दी गयी है. कांवरिया पथ में गर्मी से निजात दिलाने के लिए जगह-जगह इंद्रवर्षा का इंतजाम किया गया है. कांवरिया पथ व मेला क्षेत्रों में मेटल लाइट लगाने का काम पूरा कर लिया गया है. साथ ही कांवरियों के ठहराव के लिए पंडाल निर्माण का काम पूरा हो गया है.
बाघमारा, कोठिया व जसीडीह रेलवे स्टेशन पर टेंट सिटी निर्माण कर लिया गया है. क्यू कॉम्प्लेक्स को नेहरु पार्क से जोड़ कर कतारबद्ध कांवरियों को सुविधा दी जायेगी. सुरक्षा व निगरानी के लिए दो हीलियम बैलून एक मानसरोवर तट व दूसरा नंदन पहाड़ के समीप लगाया जायेगा.
सुविधा केंद्र में शीघ्रदर्शनम के लिए 10 काउंटर : शीघ्रदर्शनम कूपन की बिक्री के लिए सुविधा केंद्रों पर 10 अतिरिक्त काउंटर बनाये गये हैं. रविवार व सोमवार को छोड़ सप्ताह के अन्य दिन में यह काउंटर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक काम करेगा. यह निर्धारित शुल्क पांच सौ रुपये पर कूपन उपलब्ध करायेगा.
90 डॉक्टर व 250 पारा मेडिकल करेंगे काम
श्रावणी मेले में कांवरियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त 90 डॉक्टर के अलावा 250 पारा मेडिकल स्टॉफ लगाये गये हैं. साथ ही आपातकालीन सेवा के लिए 31 एम्बुलेंस के अलावा डायल 108 के 16 एम्बुलेंस की सेवा 24 घंटे कांवरियों के लिए उपलब्ध रहेगी. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह, डीपीआरओ रवि कुमार, एडीपीआरओ रोहित कुमार आदि उपस्थित थे.
