क्वेटा : पाकिस्तान के दक्षिण पश्चिमी शहर क्वेटा में पुलिस के एक ट्रक को निशाना बनाकर किये गये बम विस्फोट में कम से कम सात पुलिसकर्मी मारे गये और 22 अन्य घायल हो गये. विस्फोट से पुलिस ट्रक के परखचे उड़ गये. पुलिस ने यह जानकारी दी. क्वेटा पुलिस प्रमुख अब्दुर रज्जाक चीमा ने बताया कि मृतकों में पांच पुलिस अधिकारी और दो राहगीर हैं. क्वेटा बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी है.
डॉन न्यूज की खबर में बताया गया है कि पुलिस का एक वाहन 35 पुलिसकर्मियों को लेकर क्वेटा सिब्बी रोड पर सरियाब मिल इलाके से गुजर रहा था. शुरुआती खबरों के अनुसार, सुरक्षा सूत्रों ने उसी दौरान सड़क के किनारे बम विस्फोट होने का दावा किया. क्वेटा के सरकारी अस्पताल के प्रवक्ता वासिम बेग ने सात लोगों की मृत्यु होने की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि घायलों को अस्पताल की आपात सेवा इकाई में लाया गया है.
बलूचिस्तान के गृह मंत्री सरफराज बुगती ने हमले की निंदा करते हुए मौतों की पुष्टि की. 22 घायलों का क्वेटा के अस्पताल में इलाज चल रहा है. गृह मंत्री ने कहा आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई खत्म नहीं हुई है. इस लडाई में बलूचिस्तान आगे है. जब तक इलाके में एक भी आतंकवादी है, तब तक हम नहीं रुकेंगे. उन्होंने कहा यह कायरतापूर्ण हमला हमारे सुरक्षा बलों को अपने दायित्व का निर्वाह करने से रोक नहीं सकेगा.
इस बीच, बलूचिस्तान के प्रांतीय पुलिस प्रमुख अयूब कुरैशी ने बताया कि क्वेटा में एक अन्य घटना में आतंक विरोधी पुलिस के अधिकारी की गोली मार कर हत्या कर दी गयी. हत्या की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है. बलूचिस्तान में हाल के महीनों में कई विस्फोट और आत्मघाती हमले हुए हैं. इस महीने की शुरुआत में सूफी मजार पर आतंकी संगठन आइएस के आत्मघाती विस्फोट में 22 लोग मारे गये थे. 13 अगस्त को क्वेटा में पिशिन बस स्टॉप के नजदीक सेना के ट्रक को निशाना बना कर किये गये आत्मघाती विस्फोट में 15 लोग मारे गये थे. इससे पहले जून में क्वेटा के गुलिस्तान इलाके में शुहादा चौक पर आत्मघाती विस्फोट में सात पुलिसकर्मियों समेत 14 लोगों की मौत हो गयी थी.
