मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला गिरफ्तार
मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. लखनऊ कोतवाली पुलिस स्टेशन के SHO अजय कुमार सेठ ने कहा कि 4 अगस्त को सोशल मीडिया पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ एक टिप्पणी वायरल हुई थी. गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान सहाबुद्दीन अंसारी के रूप में की गई है,. टिप्पणी पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान मुस्लिम अंसारी के रूप में की गई है, जो अभी भी फरार है. अजय कुमार सेठ ने कहा कि पुलिस को इस संबंध में चार अगस्त को ट्विटर के माध्यम से शिकायत मिली थी. उन्होंने कहा, अपमानजनक टिप्पणी का स्क्रीनशॉट प्राप्त कर लिया गया है. शिकायत के आधार पर सहाबुद्दीन अंसारी और मुस्लिम अंसारी के खिलाफ आईपीसी, आईटी एक्ट और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस के मुताबिक, व्हाट्सएप ग्रुप का नाम ‘नगर पालिका परिषद भदोही’ है, जिसमें भदोही के नगर पालिका परिषद के लगभग सभी पार्षद और जनता शामिल है और इसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना था.