पूर्व मंत्री अमर मणि के खिलाफ दर्ज अपहरण मामले आज बस्ती के कोर्ट में होगी सुनवाई
पूर्वमंत्री अमरमणि त्रिपाठी के खिलाफ दर्ज राहुल मद्देशिया अपहरण केस मामले में सप्तम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एमपी-एमएलए प्रमोद कुमार गिरि की कोर्ट में शनिवार यानी आज सुनवाई होगी. अदालत से फरार चल रहे आरोपी की संपत्ति की कुर्की के लिए पुलिस की पांच टीमें पूर्व में ही बनाई जा चुकी है. टीमों की ओर से लखनऊ में एक भूखंड व महराजगंज जिले में नगरपालिका परिषद नौतनवा में एक मकान की तलाश कर उसकी सूची कोतवाल चंदन कुमार ने पिछली सुनवाई पर पेश की थी. अदालत से आरोपी की संपत्तियों के आकलन के लिए एक अवसर देने का निवेदन किया गया था, जिसे कोर्ट ने न्यायहित में स्वीकार कर लिया था. सीओ सिटी विनय सिंह चौहान ने बताया कि कुर्की कार्रवाई के लिए पुलिस टीमें अमरमणि की प्रॉपर्टी का आकलन करने में जुटी हैं. 82 की कार्रवाई की जा चुकी है. संपत्तियों का पूरा ब्योरा मिलते ही 83 की कार्रवाई कर दी जाएगी.बता दें कि 6 दिसंबर वर्ष 2001 में बस्ती कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर के धर्मराज गुप्ता के बेटे का अपहरण हो गया था. तत्कालीन विधायक अमरमणि त्रिपाठी के लखनऊ स्थित आवास से पुलिस ने उसे बरामद किया था. इस मामले में पूर्व विधायक समेत नौ लोग आरोपित रहे हैं. इनमें पूर्व विधायक अमरमणि त्रिपाठी के खिलाफ 82 सीआरपीसी और नैनीश शर्मा, शिवम उर्फ रामयज्ञ के खिलाफ कोर्ट ने भगोड़ा घोषित कर मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है.