अयोध्या में जीरो कार्बन एमिशन युक्त ई-व्हीकल चलेंगे
उत्तर प्रदेश की आध्यात्मिक राजधानी के तौर पर विकसित की जा रही अयोध्या को जीरो कार्बन एमिशन युक्त ई-व्हीकल परिवहन सुविधा से लैस करने की प्रक्रिया भी जारी है. सीएम योगी की मंशा के अनुरूप इस दिशा में एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है, जिस पर अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) ने कार्रवाई शु्रू कर दी है. इसके पहले पड़ाव में अयोध्या में चार पहिया व चार पैसेंजर्स की सिटिंग कैपेसिटी वाली 15 ईवी प्लस ई-व्हीकल्स को एनरोल किया गया है. इस प्रक्रिया में मेक इन इंडिया के तहत भारत में ही निर्मित टाटा टिगोर ईवी कारों को तरजीह दी जा रही है. दूसरी ओर अयोध्या में चीनी कंपनी द्वारा निर्मित ई-कार्ट सेवा भी पिछले वर्ष हुए दीपोत्सव कार्यक्रम से ही जारी है, जिसकी सिटिंग कैपेसिटी 6 पैसेंजर्स की है. इसमें मुख्य तौर पर वृद्ध श्रद्धालुओं के हनुमानगढ़ी व श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर समेत अन्य तीर्थों पर यात्रा कराने की प्रक्रिया निरंतर जारी है. ऐसे में, अयोध्या में ईवी प्लस ई व्हीकल्स के संचालन में मंगलवार को एक नया अध्याय जुड़ गया. मंगलवार को लखनऊ से अयोध्या के बीच भी ई-व्हीकल परिवहन सेवा का संचालन शुरू हो गया है. फिलहाल प्राइवेट पार्टनरशिप के माध्यम से इस सेवा का संचालन किया जा रहा है.