Tokyo Paralympic 2020: टोक्यो पैरालंपिक 2020 के 10वें दिन भारत की झोली में एक और पदक आ गया है. भारतीय खिलाड़ी प्रवीण कुमार ने पुरुषों की ऊंची कूद (T64) सिल्वर मेडल अपने नाम किया है, वहीं गोल्ड मेडल ब्रिटेन के खिलाड़ी जोनाथन ब्रूम-एडवर्ड्स के नाम रहा. विश्व चैंपियन जोनाथन ब्रूम-एडवर्ड्स अब ओलंपिक चैंपियन भी बन गये हैं. बता दें कि प्रवीण कुमार मात्र 18 वर्ष की उम्र में ही पैरालिंपिक पदक अपने नाम कर लिया है. शुक्रवार को प्रवीण के मेडल जीतते ही टोक्यो पैरालंपिक में भारत के पदको की संख्या 11 हो गयी है, यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.
वहीं प्रवीण के पदक जीतने पर प्रधानमंत्री ने भी उन्हें बधाई दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि पैरालंपिक में रजत पदक जीतने पर प्रवीण कुमार पर गर्व है. यह पदक उनकी कड़ी मेहनत और अद्वितीय समर्पण का परिणाम है. उन्हें बधाई और मैं उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दे देता हूं. बता दें कि 18 साल के भारतीय हाई जंपर प्रवीण कुमार ने 2.07 मीटर का हाई जंप लगाते हुए भारत के लिए सिल्वर जीता. ये इस भारतीय पारा एथलीट का पर्सनल बेस्ट प्रदर्शन है. इस नए पर्सनल बेस्ट प्रदर्शन के साथ प्रवीण कुमार ने नया एथियन रिकॉर्ड भी बनाया है.
भारत के झोली में 11 मेडल
बता दें कि भारत के खाते में अब तक 11 मेडल आ चुके हैं. जिसमें दो गोल्ड, 6 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. भारत पदक तालिका में 36वें स्थान पर मौजूद है. तालिका में चीन 68 गोल्ड के साथ 147 मेडल जीतकर पहले स्थान पर है. बता दें कि अवनि लेखरा पैरालिंपिक में गोल्ड मेडल जीतनेवाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी थी. 10 मीटर एयर राइफल के क्लास एसएच1 में उन्होंने फाइनल में 249.6 अंक बनाकर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की और पहला स्थान हासिल किया. वहीं सुमित ने पैरालिंपिक में अपने ही वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ा कर गोल्ड जीता था. सुमित ने 68.08 मीटर (दूसरे प्रयास ) और 68.55 मीटर (पांचवें प्रयास ) थ्रो कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया.
