बाइक सवार अपराधियों ने दुकान पर चलायी अंधाधुंध गोलियां, दुकानदार की मौत

जादोपुर थाने के बरइपट्टी में बुधवार की देर शाम बेखौफ अपराधियों ने किराना दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद सभी अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गये.

गोपालगंज : जादोपुर थाने के बरइपट्टी में बुधवार की देर शाम बेखौफ अपराधियों ने किराना दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद सभी अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गये. मृतक दुकानदार की पहचान बरइपट्टी गांव के निवासी स्व. हजारी साह के पुत्र त्रिलोकी साह के रूप में की गयी है. हत्या की वजह क्या रही, इसका खुलासा नहीं हो सका है. सदर एसडीपीओ नरेश पासवान ने सदर अस्पताल में घटना की जांच की.

परिजनों ने बताया कि त्रिलोकी साह गांव में ही किराना की दुकान चला रहे थे. इसी दौरान बाइक से चार अपराधी पहुंचे और दुकान पर अंधाधुंध गोलियां चलाने लगे. दुकानदार को दो से तीन गोली लगी और मौके पर ही गिर गये. घटना के बाद बरइपट्टी गांव में अफरातरफरी मच गयी. आसपास के लोग पहुंचे तबतक अपराधी फरार हो गये. पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी.

ग्रामीणों ने बताया कि जादोपुर थाने की पुलिस को सूचना देने के बाद घायल दुकानदार को सदर अस्पताल लेकर आये, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे. इस दौरान पुलिस से भी हल्की नोकझोंक हुई. सदर एसडीपीओ ने कहा कि मामला हत्या का है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. मृतक दुकानदार के परिजनों से आवेदन मांगा गया है. फिलहाल परिजन कुछ भी बताने के स्थिति में नहीं है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >