छत्तीसगढ़ के आवासीय विद्यालय में बालिका से बलात्कार मामले में रमन सिंह ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि इस मामले में जानकारी मिली है कि पहले पीड़ित बच्ची के परिजनों को छात्रावास से भगा दिया गया. प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी. बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण नहीं हुआ. यह अमानवीयता की हद है. पीड़ित बच्ची और उसके माता-पिता के साथ संवेदनहीनता का परिचय दिया गया.'

छत्तीसगढ़ के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने सुकमा जिले के सरकारी आवासीय विद्यालय में एक बालिका से बलात्कार की घटना को लेकर सरकार की आलोचना की है. उन्होंने कहा है कि अन्य राज्यों को लेकर हंगामा मचाने वाली कांग्रेस के नेता यहां की घटना पर मुंह नहीं खोल रहे हैं. डॉ सिंह ने कहा, ‘बस्तर संभाग के सुकमा जिले में एर्राबोर थाना क्षेत्र के एक शासकीय कन्या आवासीय विद्यालय में हुई पहली कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है.’

पीड़ित बच्ची के परिजनों को छात्रावास से भगा दिया गया

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि इस मामले में जानकारी मिली है कि पहले पीड़ित बच्ची के परिजनों को छात्रावास से भगा दिया गया. प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी. बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण नहीं हुआ. यह अमानवीयता की हद है. पीड़ित बच्ची और उसके माता-पिता के साथ संवेदनहीनता का परिचय दिया गया.’

भूपेश बघेल के राज में बेटियां सुरक्षित नहीं : डॉ रमन सिंह

बीजेपी नेता ने कहा, ‘भूपेश बघेल सरकार के राज में अब छत्तीसगढ़ की बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. बस्तर की बेटियों के साथ इस तरह की अमानवीय घटनाएं हो रही हैं और उसके बाद भी त्वरित कार्यवाही नहीं की जा रही. आज तक इस घटना के आरोपी गिरफ्तार नहीं किये गये. यदि अन्य राज्यों में इस तरह की घटना होती, तो कांग्रेस हंगामा मचाकर राजनीति करती. मणिपुर की हिंसा पर राजनीति कर रही प्रदेश सरकार और कांग्रेस के लोगों ने बस्तर की इस अमानवीय घटना पर अब तक मुंह नहीं खोला है. यह कांग्रेस और प्रदेश सरकार की घोर आदिवासी विरोध सोच का परिचायक है तथा संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है.’

Also Read: छत्तीसगढ़: मणिपुर की घटना के खिलाफ आदिवासी संगठन ने बुलाया बंद, बस्तर संभाग में नहीं खुलीं दुकानें

सरकार पीड़िता को न्याय दिलायेगी : भूपेश बघेल

उन्होंने कहा कि भाजपा की जांच समिति इस पूरे घटना क्रम के तथ्यों का विश्लेषण कर रही है तथा सारे तथ्यों को प्रदेश के साथ साझा किया जायेगा. इधर, राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान घटना को लेकर कहा कि सरकार पीड़िता को पूरा न्याय दिलायेगी.

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की : मुख्यमंत्री

भूपेश बघेल ने कहा, ‘पोटा केबिन में छात्रा के साथ जो दुष्कर्म की घटना हुई है, वह बेहद निंदनीय है. पुलिस को जैसे जानकारी मिली, वैसे ही तत्काल कार्यवाही की गयी. जो अपराधी फरार है, उसे खोजने के लिए तत्काल टीम गठित की गयी है. पोटा केबिन की अधीक्षक को भी निलंबित कर दिया गया है. शासन की ओर से पूरी कार्यवाही की गयी है. सरकार पीड़िता को पूरा न्याय दिलायेगी.’

22 जुलाई को पोटा केबिन में हुआ बलात्कार

आदिवासी बहुल सुकमा जिले के अधिकारियों ने बताया कि जिले के एर्राबोर थाना क्षेत्र के एक पोटा केबिन स्कूल के छात्रावास में 22 जुलाई (शनिवार) की रात में लगभग सात वर्षीय एक छात्रा के साथ बलात्कार की घटना हुई थी. घटना की सूचना पुलिस को 24 जुलाई को दी गयी थी. पोटा केबिन राज्य के बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित गांवों में स्थापित पूर्व-निर्मित संरचना वाले आवासीय विद्यालय हैं. इसमें सुकमा जिले के गांव भी शामिल हैं.

Also Read: सुकमा में पहली कक्षा की बालिका से बलात्कार, सरकारी आवासीय विद्यालय के दो कर्मचारी निलंबित

आठ सदस्यीय जांच दल का गठन

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है तथा मामले की जांच के लिए सुकमा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरव मंडल के नेतृत्व में आठ सदस्यीय दल का गठन किया गया है. जिला प्रशासन ने पुलिस को मामले की सूचना देने में कथित तौर पर देरी करने के कारण छात्रावास की अधीक्षिका और सहायक अधीक्षिका को निलंबित कर दिया है. बीजेपी ने महिला विधायक रंजना साहू की अध्यक्षता में एक जांच दल का गठन किया है. इस दल में पार्टी के अन्य नेता भी शामिल हैं.

दुर्ग के स्कूल में भी बालिका से अश्लील हरकत

सुकमा जिले में बच्ची से बलात्कार का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ कि दुर्ग जिले के एक निजी स्कूल में पहली कक्षा की बालिका के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी सफाई कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के जामुल थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल में पहली कक्षा की बालिका के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने स्कूल के सफाई कर्मचारी सूरज बंजारे (28) को गिरफ्तार किया है.

स्कूल के शौचालय में सफाईकर्मी ने की अश्लील हरकत

उन्होंने बताया कि मंगलवार की रात को छात्रा के परिजनों ने पुलिस में शिकायत की कि इस महीने की 20 तारीख को उनकी बच्ची जब स्कूल के शौचालय में थी, तब उसके साथ स्कूल के सफाईकर्मी बंजारे ने अश्लील हरकत की. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने बंजारे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया तथा आज उसे गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गयी है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >