झारखंड के 'धान का कटोरा' में नहीं खुला क्रय केंद्र, औने-पौने दाम में धान बेचने को मजबूर हैं किसान

हजारीबाग के बड़कागांव प्रखंड को धान का कटोरा कहा जाता है. यहां गरमा धान की खेती बड़े पैमाने पर होती है. इसके बावजूद अब तक यहां धान क्रय केंद्र नहीं खुला है. इसके कारण यहां के किसान औने-पौने दाम में धान की बिक्री करने को मजबूर हैं.

Jharkhand News: झारखंड का धान का कटोरा कहा जाने वाला हजारीबाग का बड़कागांव में धान क्रय केंद्र नहीं खुला है. धान क्रय केंद्र के नहीं खुलने से किसान औने-पौने दाम में अपने धान बेचने को मजबूर हैं. आलम यह है कि बिचौलिये बड़े-बड़े अक्षरों में धान क्रय केंद्र लिखकर किसानों के धान को औने-पौने मूल्य पर खरीदकर उनकी बेबसी का फायदा उठा रहे हैं.

खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं यहां के किसान

बिचौलिये-साहूकार बेफिक्र होकर बिना डर के धान क्रय केंद्र लिखकर धान को किसानों से 14 से 16 रुपये प्रति किलो खरीद रहे हैं. बिचौलिए एवं साहूकारों द्वारा धान ट्रकों के जरिए हजारीबाग के डेमोटांड़ और रांची के राइस मिल में भेजने का काम किया जाता है, जिसके कारण यहां के किसान खुद को ठगा महसूस करते हैं.

14 से 15 रुपये प्रति किलो धान बेचने को मजबूर हैं किसान

क्षेत्र के किसान समरी देवी, धनेश्वर महतो और भुनेश्वर महतो ने बताया कि धान केंद्र केंद्र नहीं खुलने से किसान बिचौलियों के पास 14 रुपये प्रति किलो धान बेचने को मजबूर हैं. वहीं, खैरातरी निवासी रामेश्वर महतो, गणपति महतो और बैजनाथ महतो ने बताया कि बिचौलिया वर्ग के पास 16 रुपये प्रति किलो धान बेचना पड़ा. इन किसानों का कहना कि अगर धान क्रय केंद्र बड़कागांव में खुल जाता, तो इतने कम दाम में हम धान बेचने को मजबूर नहीं होते. रघुनंदन प्रसाद ने बताया कि इन दिनों बादल छा रहा है. बारिश कभी भी हो सकती है. इसलिए धान को साफ कर व्यापारियों के पास मजबूरन 15 रुपये में बेचना पड़ रहा है.

Also Read: सूखा राहत राशि लेने के लाइन में गढ़वा के किसान, पर पैक्स संचालक चाहते हैं धान क्रय केंद्र खुले

कहां-कहां है निजी धान क्रय केंद्र

बड़कागांव प्रखंड में दर्जनों निजी धान क्रय केंद्र खुल गया है. अधिकांश धान क्रय केंद्रों का रजिस्ट्रेशन नहीं है. इस कारण सरकार को राजस्व की क्षति हो रही है. बड़कागांव-हजारीबाग रोड स्थित छोटका बर के पास, नॉउवा टांड़, नटराज नगर, कांडतरी, महुगायी, बादम, हरली, आंगो, तलसवार, नापोकलां, नयाटांड़, सांढ़, विश्रामपुर आदि गांवों में बिचौलिया वर्ग धान निजी क्रय केंद्र खुला है.

15 दिसंबर से प्रखंड के 11 धान क्रय केंद्र खुलेंगे : बीसीओ

इस संबंध में बीसीओ राजेश कुमार ने बताया कि बड़कागांव प्रखंड में कुल 11 धान क्रय केंद्र है, लेकिन 15 दिसंबर से धान क्रय शुरू होगी. सरकारी रेट के अनुसार अच्छे किस्म का धान 20.70 रुपये प्रति किलो एवं बी ग्रेड का धान 20.50 रुपये प्रति किलो खरीद की जाएगी.

रिपोर्ट : संजय सागर, बड़कागांव, हजारीबाग.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Samir Ranjan

Senior Journalist with more than 20 years of reporting and desk work experience in print, tv and digital media

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >