Liverpool F C खरीदने की दौड़ में शामिल हुए भारतीय अरबपति मुकेश अंबानी, जानें कितनी है कीमत

भारतीय अरबपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी मशहूर इंगलिश फुटबॉल क्लब को खरीदने की दौड़ में शामिल हो गये हैं. अंबानी की कंपनी इंडियन प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस की मालिक है. टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा एमआई के भी कप्तान हैं.

लंदन : भारतीय अरबपति मुकेश अंबानी दुनिया के मशहूर इंग्लिश फुटबॉल क्लब लिवरपूल एफसी (Liverpool F C) को खरीदने की दौड़ में शामिल हो गये हैं. यह रिपोर्ट इंग्लैंड के दैनिक अखबार ‘द मिरर’ की है. इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) क्लब का मौजूदा मालिक फेनवे स्पोर्टस ग्रुप (एफएसजी) इसे बेचना चाहता है जिसने अक्टूबर 2010 में मर्सीसाइड क्लब खरीदा था.

दुनिया के आठवें सबसे रईस हैं अंबानी

‘द मिरर’ की खबर के अनुसार एफएसजी अपने क्लब को चार अरब ब्रिटिश पाउंड में बेचने का इच्छुक है. रिपोर्ट के अनुसार रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने क्लब के बारे में जानकारी ली है. ‘फोर्ब्स’ की रेटिंग में दुनिया के आठवें सबसे रईस अंबानी के मुंबई मुख्यालय और कंपनी से जुड़े लोग इसकी पुष्टि नहीं कर सके.

Also Read: Forbes ने मुकेश अंबानी की Reliance को बताया भारत की सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता, यह कंपनी दुनियाभर में नंबर 1
शेयरधारकों की तलाश में है क्लब

एफएसजी के बयान के अनुसार, ‘एफएसजी को लिवरपूल में शेयरधारक बनने के लिये तीसरे पक्षों से दिलचस्पी मिली है. एफएसजी पहले ही कह चुका है कि सही शर्तों के अंतर्गत ही हम नये शेयरधारकों पर विचार करेंगे कि यह लिवरपूल के हित में होगा या नहीं.’ एफएसजी के अंतर्गत जर्गेन क्लोप की टीम को काफी सफलता मिली है जिसमें पिछले कुछ वर्षों में प्रीमियर लीग खिताब, चैम्पियंस लीग, एफए कप, काराबाओ कप और यूरोपीय सुपर कप जीतना शामिल है.

मुंबई इंडियंस के भी मालिक हैं अंबानी

अमेरिका और खाड़ी के देश भी क्लब के अधिग्रहण में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. अंबानी की कंपनी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) क्रिकेट टीम मुंबई इंडियंस की मालिक है. अंबानी की टीम एमआई ने चार बार आईपीएल खिताब जीता है. रोहित शर्मा टीम के कप्तान हैं. हालांकि आईपीएल 2022 में मुंबई की टीम लीग चरण में सबसे नीचे थी. अंबानी की कंपनी इंडियन सुपर लीग फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करने के अलावा अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ की व्यावसायिक भागीदार भी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >