कौशांबी में पिता-बेटी और दामाद की की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित परिजनों ने फूंके आधा दर्जन घर

कौशांबी में झोपड़ी में सो रहे बेटी दामाद और ससुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने जमकर बवाल किया. कई घरों को फूंक दिया गया है. मौके पर कई थानों की फोर्स पहुंच गई है.

यूपी के कौशांबी में तिहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है. यहां पिता, बेटी और दामाद की रात में सोते वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई. चारपाई पर तीनों के शव खून से लथपथ शव मिले हैं. वारदात का पता शुक्रवार सुबह 6 बजे उस वक्त चला जब आसपास के लोग पहुंचे. घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने पड़ोस के दर्जन भर घरों में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी. शक है कि जमीनी विवाद में इन्होंने वारदात को अंजाम दिया है. घटना संदीपन घाट कोतवाली के पंडा चौराहा की है.

वारदात के बाद जिले भर की फोर्स मौके पर पहुंच गई है. एसपी और प्रशासन के अफसर हालात को कंट्रोल करने की कोशिश रहे हैं. इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई है. हालांकि, हालात अभी कंट्रोल में नहीं हैं. नाराज लोग जगह-जगह पथराव और आगजनी कर रहे हैं.

दामाद के साथ विवादित जमीन पर रहता था बुजुर्ग

पुलिस के मुताबिक, मृतक की शिनाख्त होरीलाल (62), उनकी बेटी बृजकली (22) और दामाद शिवसागर (26) के तौर पर हुई है. संदीपन घाट पर होरीलाल की जमीन का पट्‌टा है. आसपास के कुछ लोगों से इसी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी को लेकर होरीलाल ने विवादित भूमि पर झोपड़ी डालकर अपना कब्जा कर रखा है. दामाद और बेटी भी झोपड़ी में साथ ही रहते थे. शिवसागर ने पास में ही किराए की दुकान लेकर सहज जन सेवा केंद्र खोल रखा था.

होरीलाल का इसी झोपड़ी से थोड़ी दूर पर घर है. वहां उनकी पत्नी और दो नाती रहते हैं. गुरुवार देर शाम होरीलाल, बेटी-दामाद के साथ झोपड़ी में आ गए. यहीं, चारपाई बिछाकर बाहर सो गए. सुबह जब आसपास के लोग जगे तो उन्होंने तीनों की चारपाई में खून से लथपथ लाश देखी. इसके तुरंत बाद परिवार भी पहुंच गया.

उठने का मौका नहीं दिया, सोते में ही मारी गोली

शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि तीनों को सोते वक्त ही गोली मारी गई है. उनको उठने तक का मौका नहीं दिया गया है. होरीलाल के सिर पर जबकि बेटी के गले और दामाद के सीने में गोली मारी गई है. अहम बात यह है कि 3 बुलेट फायर हुई उसके बाद भी आसपास के किसी को हत्या का पता नहीं चल पाया. जब सुबह परिवार और रिश्तेदार पहुंचा तो झोपड़ी के आसपास के 8-9 घरों में ताला बंद था. ऐसे में गुस्साए लोगों का शुरुआती शक इन्हीं पर गया. इसके बाद आगजनी शुरू कर दी. 7-8 घरों को फूंक दिया. इन घरों में कोई सदस्य नहीं था. ये लोग पहले ही फरार हो गए थे.

एक ही जमीन पर बता रहे थे दोनों पक्ष कब्जा

पड़ोसियों और रिश्तेदार ने बताया कि 54 बीघा की सरकारी जमीन पर गांव के कुछ लोगों का कब्जा है. उसी जमीन में एक बीघे पर होरीलाल का भी कब्जा था. वहीं, होरीलाल के पड़ोसी भी इसी जमीन पर कब्जा बता रहे थे. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद था. गुरुवार को होरीलाल ने इस मामले में क्षेत्रीय सांसद विनोद सोनकर से मुलाकात की थी. सांसद ने होरीलाल को कब्जा दिलवाने का आश्वासन भी दिया था.

इसी बात को लेकर पड़ोसी से कल शाम को विवाद भी हुआ था. रात में यह वारदात हो गई. होरीलाल के पड़ोसी मौके से फरार हैं. मौके पर अभी बवाल जारी है. परिजनों ने शवों को पुलिस को नहीं सौंपा है. परिजनों कहना है कि पहले आरोपियों की गिरफ्तारी हो, इसके बाद शवों को सौंपेगे. मृतक के परिवार की महिलाओं से पुलिस की झड़प भी हुई है. महिलाएं आरोपियों के घरों में घुसने की कोशिश कर रही है. महिलाएं आरोपियों के घरों में आग लगाने की कोशिश कर रही हैं.

वहीं, मौके पर कमिश्नर और आईजी, एसपी एसपी ब्रजेश श्रीवास्तव, चायल और सिराथू की सीओ मौके पर मौजूद है. 100 पुलिस कर्मी हालात को काबू करने में लगे हैं. घटना स्थल से आधा किमी की दूरी पर बवाल की स्थिति है. ग्रामीण महिला ने बताया कि घटना के बाद लोगों ने घरों में आग लगा दी है. मेरा भी घर जल गया है. जबकि मेरा इन लोगों से कोई लेना देना नहीं है. सारा सामान बाहर फेंक दिया है. मेरा नल भी तोड़ दिया है. हम लोग सो रहे थे. अचानक बवाल होने लगा है. जब तक हम लोग कुछ समझ पाते आग लगा दी. हम लोग गांव से बाहर भाग आए हैं.

वहीं, एसपी ब्रजेश श्रीवास्तव ने बताया कि घटना संदीपन घाट थाना क्षेत्र के हररायपुर की है. जहां पासी बिरादरी के ससुर, बेटी और दामाद की हत्या कर दी गई है. वहीं बताया जा रहा है कि मृतक बेटी गर्भवती भी थी. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कई घरों में आगजनी भी कर दी है. घटना के संबंध में चार लोगों के खिलाफ तहरीर प्राप्त हुई है. आरोपियों के गिरफ्तारी के प्रयास जारी है. घटना की सूचना पर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और मामले को कंट्रोल करने में जुटी हुई है. फायर ब्रिगेड भी बुलाई गई है. लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sandeep kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >