छत्तीसगढ़ : ईडी ने मेरे घर में ‘डकैती’ की, रेड पर बोले सीएम भूपेश बघेल के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा

मैंने अपने घर में रखे गहनों के सभी बिल पेश किए, सिवाय एक सोने के आभूषण के, जो मेरी पत्नी को उपहार में मिला था. फिर भी उन्होंने यह कहते हुए सभी गहनों को जब्त कर लिया कि उनकी खरीददारी में मैंने किस प्रकार से भुगतान किया है.

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापों को ‘अपने घर में डकैती’ बताया है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ ईडी की यह कार्रवाई पिछले साल एक पत्रिका में प्रकाशित ‘मनोहर कहानी’ (काल्पनिक कहानी) पर आधारित थी. विनोद वर्मा ने राज्य पुलिस के सहायक उप निरीक्षक चंद्रभूषण वर्मा के साथ अपने संबंधों के बारे में ईडी के दावों का भी खंडन किया.

बुधवार को ईडी ने किया चंद्रभूषण वर्मा को गिरफ्तार

ईडी ने उप निरीक्षक चंद्रभूषण वर्मा को दुबई से संचालित कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप ‘महादेव ऑनलाइन बुक’ से जुड़े धन शोधन के मामले में बुधवार को गिरफ्तार किया था. ईडी ने इस सिलसिले में बुधवार को तीन अन्य लोगों – कथित हवाला कारोबारी अनिल और सुनील दम्मानी तथा सतीश चंद्राकर को भी गिरफ्तार किया.

ईडी ने छत्तीसगढ़ में कई ठिकानों पर की थी छापेमारी

केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी ने इसी मामले में बुधवार को रायपुर और दुर्ग जिलों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य विनोद वर्मा और मुख्यमंत्री के दो स्पेशल ऑफिसर ऑन ड्यूटी (ओएसडी) के परिसरों पर तलाशी ली थी. विनोद वर्मा ने ईडी की छापेमारी को डकैती करार दिया. उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘मैंने अपने घर में रखे गहनों के सभी बिल पेश किए, सिवाय एक सोने के आभूषण के, जो मेरी पत्नी को उपहार में मिला था. फिर भी उन्होंने यह कहते हुए सभी गहनों को जब्त कर लिया कि उनकी खरीददारी में मैंने किस प्रकार से भुगतान किया है.’

Also Read: छत्तीसगढ़ के सीएम के राजनीतिक सलाहकार व ओएसडी के यहां ईडी के छापे, भूपेश बघेल बोले- थैंक्यू मोदीजी, अमित शाह

मेरे बेटे को गिफ्ट में मिले रुपए भी ले गये ईडी अफसर

विनोद वर्मा ने कहा, ‘उन्होंने वह नकदी भी ले ली, जो मेरे बेटे के विवाह पर लोगों ने उपहार स्वरूप दी थी. इसलिए मैं इसे डकैती कह रहा हूं.’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘मैं लंबे समय तक पत्रकार रहा हूं. उसके बाद कुछ साल पहले ही राजनीतिक में आया हूं. मेरे पास कुछ भी नहीं है. ईडी का दावा है कि मैं 65 करोड़ रुपये के धनशोधन में शामिल हूं, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि मैंने एक भी पैसे का धनशोधन नहीं किया है.’

पत्रिका में छपे काल्पनिक समाचार पर ईडी ने की कार्रवाई

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार वर्मा ने कहा, ‘ईडी के आरोप पिछले साल अक्टूबर में एक पत्रिका में प्रकाशित काल्पनिक समाचार लेख पर आधारित हैं. उस काल्पनिक समाचार लेख में दावा किया गया था कि चंद्रभूषण वर्मा मेरे रिश्तेदार हैं. मैंने इस समाचार लेख के खिलाफ पिछले साल दिसंबर में दुर्ग पुलिस से शिकायत की जांच की मांग की थी.’ उन्होंने कहा, ‘मैंने मामले की जांच में पुलिस को सहयोग करने का आश्वासन भी दिया था.’

एएसआई चंद्रभूषण वर्मा से मेरा कोई संबंध नहीं

कांग्रेस नेता ने कहा कि वह गिरफ्तार एएसआई वर्मा से करीब ढाई साल पहले मिले थे और अपने (विनोद वर्मा) नाम का दुरुपयोग करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी थी. मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा ने कहा, ‘मेरा एएसआई वर्मा से कोई संबंध नहीं है. मैं पूछना चाहता हूं कि ईडी और केंद्र के पास क्या सबूत है कि मेरा उनसे कोई संबंध है? यह छापेमारी मेरे खिलाफ एक काल्पनिक कहानी और सिर्फ एक व्यक्ति (गिरफ्तार एएसआई) के बयान पर आधारित है. उनके पास कोई सबूत नहीं है.’ उन्होंने कहा कि वह पत्रिका के खिलाफ अदालत जाएंगे.

Also Read: ईडी के छापे पर बोली कांग्रेस- I.N.D.I.A. गठबंधन की छवि खराब करने के लिए ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ की कार्रवाई

नरेंद्र मोदी, अमित शाह के इशारे पर हुई कार्रवाई

कांग्रेस नेता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए दावा किया कि ईडी की कार्रवाई राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले उनके इशारे पर की गई है और भाजपा कांग्रेस के लिए काम करने वालों को निशाना बना रही है. वर्मा ने कहा, ‘गृह मंत्री जानते हैं कि छत्तीसगढ़ में चुनाव कौन जीतने वाला है. प्रधानमंत्री एक तानाशाह की तरह काम कर रहे हैं और अपने राजनीतिक विरोधियों को कुचलने की कोशिश कर रहे हैं. वे (बीजेपी) भूपेश बघेल के लिए काम करने वाले हर व्यक्ति को निशाना बना रहे हैं. पिछली बार भी विधानसभा चुनाव से पहले सीडी मामले में उन्होंने मुझे इसी तरह गिरफ्तार किया था.’

ऑनलाइन जुआ को बढ़ावा दे रही केंद्र सरकार : विनोद वर्मा

विनोद वर्मा ने केंद्र सरकार पर ऑनलाइन जुआ को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया. बता दें कि ईडी ने बुधवार को एक बयान में आरोप लगाया कि गिरफ्तार एएसआई चंद्रभूषण वर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े उच्चपदस्थ अधिकारियों और राजनेताओं को प्रभावित करने के लिए मुख्यमंत्री के एक राजनीतिक सलाहकार के साथ अपने ‘संबंध’ और दुबई से प्राप्त हवाला फंड का इस्तेमाल किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >