बोकारो में बवाल: एयरपोर्ट से सटी अवैध बस्ती हटाने गई BSL टीम पर भारी पथराव, 2 होमगार्ड जवान घायल

Bokaro Airport News: बोकारो एयरपोर्ट की सुरक्षा हेतु बॉउंड्रीवॉल निर्माण के लिए अवैध बस्तियों को हटाने पहुंची बीएसएल सिक्योरिटी टीम पर शुक्रवार को पथराव किया गया. सेक्टर 12-A के पास हुई इस घटना में दो होमगार्ड जवान घायल हो गए. जिला प्रशासन और बीएसएल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

Bokaro Airport News, बोकारो (मुकेश झा की रिपोर्ट): बोकारो शहर के सेक्टर 12-A स्थित काली मंदिर के समीप शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान स्थिति अनियंत्रित हो गई. दरअसल हुआ ये कि एयरपोर्ट की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बाउंड्रीवॉल के पास स्थित अवैध बस्ती को हटाने पहुंची बीएसएल (BSL) सिक्योरिटी की टीम पर स्थानीय लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया. इस हिंसक झड़प में सुरक्षा में तैनात दो होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं.

जवानों को बचाने के लिए अधिकारियों ने लगाया साहस

घायल जवानों की पहचान अकरम अंसारी और बबलू के रूप में की गई है, जिन्हें तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पथराव इतना भीषण था कि बीएसएल सिक्योरिटी के अधिकारी नवीन कुमार बाल-बाल बचे. बड़े-बड़े पत्थर उनके बेहद करीब गिरे, लेकिन उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी परवाह किए बिना घायल जवानों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया और उन्हें अस्पताल भेजने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की.

Also Read: ललपनिया के ‘लाल’ का भारतीय वन सेवा में चयन, ऑल इंडिया में 22वां रैंक

एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए बॉउंड्रीवॉल निर्माण है लक्ष्य

जानकारी के अनुसार बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा था. प्रशासन का मुख्य उद्देश्य एयरपोर्ट क्षेत्र की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए वहां बाउंड्रीवॉल का निर्माण करना है. बीएसएल के प्रवक्ता मणिकांत धान ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हवाई अड्डे की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके रास्ते में आने वाले किसी भी अवैध निर्माण को हटाया जाना अनिवार्य है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा टीम पर हमला एक गंभीर अपराध है.

दोषियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी

घटना के बाद बीएसएल के सुरक्षा इंचार्ज आलोक चावला ने लॉ डिपार्टमेंट और नगर प्रशासन के उच्चाधिकारियों के साथ एक आपातकालीन बैठक की. बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और जवानों पर हमला करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस को मामले की विस्तृत जानकारी दे दी गई है और संबंधित थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी चल रही है. फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती पर विचार किया जा रहा है.

Also Read: सरायकेला में राष्ट्रीय लोक अदालत में 7730 मामलों का निष्पादन, 1.14 करोड़ के राजस्व की वसूली

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >