Smart TV Buying Guide: 2026 में टीवी खरीदना अब सिर्फ ब्रांड या बड़े-बड़े नामों के पीछे भागना नहीं रह गया है. आजकल कंपनियां AI प्रोसेसिंग, क्वांटम कलर, सिनेमैटिक साउंड और गेमिंग बूस्ट जैसे शब्दों से मार्केट भर देती हैं, लेकिन असलियत ये है कि बहुत से लोग टीवी खरीदकर बाद में परेशान हो जाते हैं. कहीं मूवमेंट स्मूद नहीं होता, कहीं ब्लैक कलर सही नहीं दिखते, या फिर कनेक्टिविटी ही लिमिटेड निकलती है. इसलिए आइए उन जरूरी फीचर्स को आसान तरीके से समझते हैं, जिन पर टीवी खरीदते समय आपको सच में ध्यान देना चाहिए.
रिजॉल्यूशन (Resolution)
आजकल TV ब्रांड्स भले ही 8K मॉडल्स को खूब प्रमोट कर रहे हों, लेकिन असली बात ये है कि कंटेंट सपोर्ट अभी भी बहुत लिमिटेड है. ज्यादातर OTT प्लेटफॉर्म्स, गेमिंग कंसोल और ब्रॉडकास्ट सिस्टम आज भी 4K पर ही फोकस कर रहे हैं. इसलिए आज के समय में Ultra HD (4K) ही घर के लिए सबसे प्रैक्टिकल और समझदारी वाला ऑप्शन बनता है.
अगर आपका कमरा छोटा है या TV सेकेंडरी यूज के लिए लेना है, तो 1080p अभी भी काम चला सकता है. लेकिन जैसे ही बात 43 इंच से बड़े स्क्रीन या लिविंग रूम सेटअप की आती है, वहां 4K साफ तौर पर बेहतर साबित होता है.
पैनल (Panel)
अक्सर लोग TV खरीदते समय सिर्फ स्क्रीन साइज और रिजॉल्यूशन पर ध्यान देते हैं, लेकिन असली खेल तो उसके अंदर लगे पैनल का होता है. वही तय करता है कि ब्लैक लेवल्स कितने डीप होंगे, ब्राइटनेस कैसी होगी, कलर्स कितने बारीक दिखेंगे और देखने का एंगल कितने अच्छे होंगे.
- OLED पैनल को आज भी सबसे बेहतर माना जाता है क्योंकि इसमें हर पिक्सेल खुद से लाइट करता है. इसी वजह से ब्लैक बहुत डीप और कंट्रास्ट काफी शानदार मिलता है. खासकर मूवीज देखने और डार्क सीन्स में इसका एक्सपीरियंस काफी बढ़िया होता है.
- वहीं LCD TVs ज्यादा कॉमन होते हैं और इनमें भी अलग-अलग तरह के पैनल्स मिलते हैं, जैसे IPS और VA.
- IPS पैनल में देखने का एंगल काफी वाइड होते हैं. यानी अगर आप साइड से भी TV देखें तो पिक्चर ज्यादा खराब नहीं होती. इसलिए ये बड़े परिवार या ज्यादा बैठने की व्यवस्था वाले कमरे के लिए अच्छे रहते हैं.
- VA पैनल की खासियत ये होती है कि इनमें कंट्रास्ट ज्यादा स्ट्रॉन्ग होता है और ब्लैक्स ज्यादा डीप दिखते हैं.
बैकलाइटिंग (Backlighting)
LCD और QLED TVs में सिर्फ पैनल ही नहीं, बल्कि बैकलाइटिंग (Backlighting) भी उतनी ही जरूरी होती है. बैकलाइटिंग के 3 टाइप्स होते हैं:
- Edge-lit (एज-लिट); इसमें LEDs स्क्रीन के किनारों पर लगी होती हैं. ऐसे TVs आमतौर पर पतले होते हैं, लेकिन इनमें ब्राइटनेस बराबर नहीं रहती और डार्क सीन्स में ब्लैक लेवल उतना अच्छा नहीं आता.
- Direct-lit (डायरेक्ट-लिट): इसमें LEDs पूरे पीछे लगे होते हैं, जिससे ब्राइटनेस थोड़ी ज्यादा और बराबर तरीके से मिलती है. लेकिन इसमें लाइट को बहुत सटीक तरीके से कंट्रोल नहीं किया जा सकता.
- Full-Array Local Dimming (FALD): ये LCD TVs के लिए सबसे अच्छा माना जाता है. इसमें स्क्रीन के अलग-अलग हिस्सों (zones) की रोशनी को अलग-अलग कंट्रोल किया जाता है. इससे कॉन्ट्रास्ट बेहतर होता है और डार्क सीन्स में लाइट लीकेज कम हो जाता है.
HDMI 2.1 गेमिंग और फ्यूचर कम्पैटिबिलिटी के लिए है जरूरी
अक्सर लोग TV खरीदते समय HDMI पोर्ट्स पर ध्यान नहीं देते, लेकिन असली जरूरत तब समझ आती है जब आप उसमें गेमिंग कंसोल, साउंडबार या स्ट्रीमिंग डिवाइस जोड़ते हैं.
HDMI 2.1 में कई काम के फीचर्स मिलते हैं, जैसे:
- 4K रेजोल्यूशन पर 120Hz सपोर्ट.
- VRR (Variable Refresh Rate), जिससे गेमिंग स्मूद होती है.
- ALLM (Auto Low Latency Mode), जो अपने आप लेटेंसी कम कर देता है.
- eARC (Enhanced Audio Return Channel), जिससे बेहतर ऑडियो क्वालिटी मिलती है.
अच्छा होगा कि एक प्रीमियम TV में कम से कम 2 HDMI 2.1 पोर्ट हों, और अगर 4 मिल जाएं तो और भी बेहतर है.
HDR सपोर्ट
HDR (High Dynamic Range) असल में पिक्चर की क्वालिटी को बेहतर बनाता है. इससे कॉन्ट्रास्ट, कलर डिटेल और ब्राइट हिस्से ज्यादा साफ और नैचुरल दिखते हैं. लेकिन ध्यान रखने वाली बात ये है कि हर HDR फॉर्मेट एक जैसा नहीं होता.
इसके तीन आम स्टैंडर्ड होते हैं:
- HDR10
- HDR10+
- Dolby Vision
इनमें हर एक का परफॉर्मेंस और क्वालिटी हैंडल करने का तरीका थोड़ा अलग होता है, इसलिए सिर्फ ‘HDR सपोर्ट है’ देखकर फैसला नहीं करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: Sony Bravia 3II Smart TV भारत में लॉन्च: XR प्रोसेसर और 120Hz 4K डिस्प्ले के साथ जानें कीमत
