ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI ने अपने AI वीडियो प्लेटफॉर्म Sora को लॉन्च के एक साल से भी कम समय में बंद करने का फैसला किया है. कंपनी अब अपने किसी भी प्रोडक्ट या ChatGPT में वीडियो जेनरेशन का सपोर्ट नहीं देगी. कंपनी Sora ऐप और API दोनों को पूरी तरह से बंद करने वाली है. इसकी जानकारी कंपनी ने Sora के ऑफिशियल X अकाउंट पर पोस्ट के जरिए दी है. पोस्ट में कंपनी ने बताया है, कि जल्द ही ऐप और API बंद करने की टाइमलाइन शेयर की जाएगी. साथ ही यूजर्स के डेटा और कंटेंट को कैसे सेव किया जाएगा, इसकी जानकारी भी दी जाएगी.
OpenAI ने यूजर्स को कहा अलविदा
OpenAI ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, “हम Sora ऐप को अलविदा कह रहे हैं. जिन्होंने इसके साथ काम किया, उनका धन्यवाद. हमें पता है कि यह खबर निराशाजनक है.” हम जल्द ही और अधिक जानकारी शेयर करेंगे, जिसमें ऐप और API के लिए टाइमलाइन और यूजर्स के डेटा और कंटेंट को सेव करने के डिटेल्स शामिल होंगे.
Disney डील खत्म, अब OpenAI का फोकस बदला
Sora के बंद होने के साथ ही OpenAI और Disney के बीच हुई बड़ी डील भी खत्म हो गई है. इस डील के तहत Disney के कई पॉपुलर कैरेक्टर्स को AI वीडियो में इस्तेमाल करने के लिए परमिशन दी जानी थी. Disney ने इस फैसले पर फीडबैक देते हुए कहा, कि AI तेजी से डेवलप हो रहा है और वह OpenAI के इस डिसीजन का सम्मान करता है. कंपनी ने यह भी कहा कि वह फ्यूचर में भी नई तकनीकों के साथ काम करती रहेगी, लेकिन साथ ही कंटेंट क्रिएटर्स के अधिकारों और कॉपीराइट का ध्यान रखेगी.
क्या है बंद करने की वजह?
Sora को 2024 की शुरुआत में लॉन्च किया गया था और यह टेक्स्ट से हाई-क्वालिटी वीडियो बनाने वाला टूल था. सितंबर 2025 में इसका पब्लिक लॉन्च हुआ और यह तेजी से वायरल हो गया. हालांकि, ज्यादा यूजेज के कारण कंपनी के GPU (ग्राफिक्स प्रोसेसर) पर भारी दबाव पड़ा, जिसके बाद OpenAI को इसके इस्तेमाल पर लिमिट लगानी पड़ी. साथ ही Sora को चलाने में बहुत ज्यादा कंप्यूटिंग पावर और खर्च लग रहा था. ऐसे में OpenAI अब इन रिसोर्सेज को कोडिंग, डेटा एनालिसिस और बिजनेस AI टूल्स में लगाने की प्लानिंग कर रही है.
कंपनी को इस समय Anthropic जैसे कॉम्पिटीटर्स से भी कड़ी टक्कर मिल रही है, जो एंटरप्राइज मार्केट में तेजी से आगे बढ़ रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, OpenAI को इस साल करीब $14 बिलियन तक का नुकसान हो सकता है, इसलिए कंपनी अब इन्वेस्टर्स को आकर्षित करने और IPO की तैयारी में जुटी है.
Sora ऐप क्या करता था?
Sora एक एडवांस AI वीडियो जेनरेशन ऐप था, जो यूजर्स को टेक्स्ट के आधार पर वीडियो बनाने की सुविधा देता था. इसमें कुछ फीचर्स दिए गए थे. जैसे-
टेक्स्ट से वीडियो बनाना: यूजर सिर्फ लिखकर AI से पूरा वीडियो तैयार कर सकते थे.
वीडियो एडिटिंग: पहले से मौजूद क्लिप्स को AI की मदद से बदलना या बेहतर बनाना.
पर्सनलाइज्ड फीड: TikTok की तरह एक फीड, जहां AI वीडियो देखे और एक्सप्लोर किए जा सकते थे.
Cameos फीचर: इसमें यूजर अपनी या किसी और की वीडियो/वॉइस कैप्चर करके खुद को AI सीन में शामिल कर सकते थे.
सबसे खास बात यह थी कि यूजर अपने Cameos को कभी भी मैनेज या डिलीट कर सकते थे, जिससे उन्हें अपने कंटेंट पर पूरा कंट्रोल मिलता था.
यह भी पढ़ें: ChatGPT के आने पर क्या था सुंदर पिचाई का पहला रिएक्शन? साढ़े तीन साल बाद सामने आयी यह बात
