IRCTC की वेबसाइट पर ट्रेन टिकट बुक करते समय अगर आपको भी अक्सर स्लो स्पीड, बार-बार CAPTCHA या पेमेंट फेल जैसी परेशानी का सामना करना पड़ता है, तो आपके लिए अच्छी खबर है. अब आपको इन सारी समस्याओं से छुटकारा मिलने वाला है. क्योंकि, भारतीय रेलवे जल्द ही अपनी टिकट बुकिंग वेबसाइट को नए अवतार में लॉन्च करने वाली है. नई वेबसाइट में पहले के मुकाबले फास्ट स्पीड, आसान इंटरफेस और Tatkal टिकट बुकिंग के दौरान बेहतर एक्सपीरियंस मिलने की उम्मीद है.
नई IRCTC वेबसाइट में क्या होगा नया?
नई वेबसाइट का डिजाइन पहले से ज्यादा क्लियर और सिंपल बनाया गया है. इसमें बेवजह के पॉप-अप, बार-बार आने वाले बैनर और बार-बार CAPTCHA भरने जैसी परेशानियों को कम किया गया है. इससे खासकर Tatkal टिकट बुकिंग के दौरान समय की बचत होगी. अब टिकट बुक करते समय यात्री अपनी पसंद की सीट या बर्थ भी चुन सकेंगे. इसके अलावा वेबसाइट पर Fare Calendar फीचर मिलेगा, जिसकी मदद से अलग-अलग तारीखों का किराया पहले ही देखा जा सकेगा. इससे कम किराए वाली तारीख चुनना आसान होगा. एक और बड़ा बदलाव यह है कि अब Sleeper, 3AC, 2AC और अन्य सभी क्लास की सीट उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी. पहले हर क्लास को अलग-अलग चेक करना पड़ता था.
मिलेगा कई भाषाओं का सपोर्ट
नई वेबसाइट में मल्टी-लैंग्वेज सपोर्ट भी दिया जाएगा, जिससे अलग-अलग राज्यों के लोग अपनी पसंदीदा भाषा में वेबसाइट का इस्तेमाल कर सकेंगे. इसके अलावा दिव्यांग पैसेंजर्स, स्टूडेंट्स और मरीजों के लिए मिलने वाली स्पेशल बुकिंग सुविधाओं को भी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाएगा.
सबसे बड़ा बदलाव होगा स्पीड में
नई IRCTC वेबसाइट का सबसे बड़ा फायदा इसकी स्पीड होगी. मौजूदा वेबसाइट एक मिनट में करीब 32,000 टिकट बुकिंग संभाल सकती है, जबकि नया सिस्टम 1.5 लाख से ज्यादा टिकट प्रति मिनट प्रॉसेस कर सकेगा. साथ ही PNR स्टेटस और ट्रेन से जुड़ी जानकारी के लिए भी बड़ा अपग्रेड किया गया है. नया सिस्टम 40 लाख से ज्यादा पूछताछ प्रति मिनट संभाल सकेगा, जबकि अभी यह कैपेसिटी करीब 4 लाख रिक्वेस्ट प्रति मिनट है. इसका मतलब है कि Tatkal बुकिंग के दौरान वेबसाइट के क्रैश होने, पेज स्लो होने और पेमेंट फेल होने जैसी समस्याएं काफी हद तक कम हो सकती हैं.
क्या नई वेबसाइट अभी शुरू हो गई है?
फिलहाल IRCTC की वेबसाइट के इंटरफेस में कुछ बदलाव जरूर दिखाई दे रहे हैं, लेकिन नई वेबसाइट को अभी पूरी तरह सभी यूजर्स के लिए लॉन्च नहीं किया गया है. सरकार पहले ही बता चुकी है, कि 15 जुलाई से इसका बीटा वर्जन शुरू किया जाएगा. कुछ समय तक टेस्टिंग के बाद नए Passenger Reservation System के साथ इसे सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जाएगा. यानी नई वेबसाइट की पूरी लॉन्चिंग का ऑफिशियली ऐलान अभी होना बाकी है.
यह भी पढ़ें: IRCTC ने शुरू की ई-पैंट्री सर्विस, 25 ट्रेनों में ऑनलाइन फूड बुकिंग, जानिए प्रॉसेस
