गर्मियों में अगर आपका एसी लगातार ओवरटाइम कर रहा है, तो हो सकता है आपके मन में भी यह सवाल आए कि क्या अब नया एसी खरीदने का समय आ गया है. लेकिन जरा रुकिए. नया एसी खरीदना कोई छोटा फैसला नहीं है. इसमें अच्छी-खासी रकम खर्च होती है. हो सकता है कि आपके मौजूदा एसी को सिर्फ थोड़ी-सी मरम्मत की जरूरत हो. वहीं कुछ मामलों में नया एसी लेना ही सबसे सही ऑप्शन होता है. लेकिन कई बार हम बिना सही जांच-पड़ताल किए जल्दबाजी में एसी बदल देते हैं.
इसलिए नया एसी खरीदने का फैसला लेने से पहले खुद से ये 3 जरूरी सवाल जरूर पूछें. इन सवालों के जवाब आपको यह समझने में मदद करेंगे कि आपके लिए एसी की मरम्मत कराना बेहतर रहेगा या फिर नया एसी खरीदना.
क्या AC अपनी लाइफ पूरी कर चुका है?
आमतौर पर एक एसी की उम्र 10 से 15 साल तक होती है. अगर आपका एसी अभी 10 साल से कम पुराना है, तो ज्यादातर मामलों में उसे रिपेयर कराना ही सही ऑप्शन है. कुछ संकेत ऐसे होते हैं जो बताते हैं कि आपके एसी को ध्यान देने की जरूरत है. जैसे अगर एसी से अजीब आवाजें आने लगी हैं, पहले जितनी कूलिंग नहीं मिल रही, बिजली का बिल अचानक बढ़ गया है, एसी से पानी लीक हो रहा है या पाइपों पर बर्फ जमने लगी है, तो ये सभी रिपेयर की जरूरत के संकेत हो सकते हैं.
वहीं, अगर आपका एसी 12 साल से ज्यादा पुराना हो चुका है या बार-बार खराब होकर रिपेयर की जरूरत पड़ रही है, तो ऐसे में नया एसी खरीदना ही सही फैसला है.
यह भी पढ़ें: AC के साथ स्टेबलाइजर लगवाएं या छोड़ दें? जानें आपके घर के लिए क्या है सही ऑप्शन
क्या मौजूदा AC घर के लिए सही साइज का है?
बहुत से लोग एसी खरीदते समय सिर्फ ब्रांड और फीचर्स पर ध्यान देते हैं, लेकिन एसी का सही साइज चुनना सबसे ज्यादा जरूरी होता है. अगर एसी छोटा होगा, तो वह कमरे को ठीक से ठंडा नहीं कर पाएगा और लगातार चलता रहेगा. वहीं, जरूरत से बड़ा एसी बिजली की खपत बढ़ा देगा. इससे आपका बिजली बिल भी बेवजह बढ़ सकता है.
सही एसी साइज तय करने के लिए सिर्फ कमरे का एरिया ही नहीं, बल्कि घर का कुल स्क्वायर फुटेज, इंसुलेशन, खिड़कियों की संख्या और दिशा जैसी चीजों का भी ध्यान रखा जाता है. इसलिए नया एसी खरीदने से पहले किसी प्रोफेशनल से अपने घर की सही माप जरूर करवा लें.
AC कितना एनर्जी-एफिशिएंट है?
अगर आपका एसी 7-8 साल या उससे पुराना हो चुका है, तो अब नया और मॉडर्न एसी लेने के बारे में सोचना सही फैसला हो सकता है. नए एसी पुराने मॉडल्स की तुलना में कहीं ज्यादा एनर्जी-एफिशिएंट होते हैं. इससे आपकी बिजली की खपत 20 से 40 परसेंट तक कम हो सकती है. नया एसी खरीदते समय हमेशा अच्छी रेटिंग और पॉजिटिव रिव्यू वाले मॉडल को ही चुनें.
यह भी पढ़ें: मॉनसून में एसी का कूल मोड क्यों हो जाता है बेअसर? यह एक बटन देगा ज्यादा आराम और कम बिजली बिल
