चौथा चरण: बंगाल की आठ लोस सीटों पर मतदान आज

पश्चिम बंगाल की आठ सीटों बहरमपुर, कृष्णानगर, राणाघाट, बर्दवान पूर्व, बर्दवान- दुर्गापुर, आसनसोल, बोलपुर और बीरभूम में कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा.

संवाददाता, कोलकाता

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में पश्चिम बंगाल की आठ सीटों बहरमपुर, कृष्णानगर, राणाघाट, बर्दवान पूर्व, बर्दवान- दुर्गापुर, आसनसोल, बोलपुर और बीरभूम में कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा. राज्य में इस चरण में 75 प्रत्याशी मैदान में हैं. इनमें 59 पुरुष और 16 महिला प्रत्याशी शामिल हैं. मतदान के लिए 15,507 पोलिंग स्टेशन बनाये गये हैं. इनमें से 3,647 पोलिंग स्टेशनों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है. चौथे दौर में आठ सीट पर हो रहे मतदान में एक करोड़ 45 लाख 30 हजार 17 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. गौरतलब है कि राज्य में अब तक तीन चरणों में 10 सीटों पर वोट डाले जा चुके हैं.

राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीइओ) डॉ आरिज आफताब ने कहा कि भयमुक्त वातावरण में स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था रहेगी. सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किये जायेंगे. चौथे चरण में केंद्रीय पुलिस बल की 579 कंपनियां तैनात रहेंगी. इनमें से 562 कंपनियों को चुनाव ड्यूटी में लगाया जायेगा, जबकि शेष 200 कंपनियां स्ट्रांग रूम की सुरक्षा एवं मतदाताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए रूट मार्च करेंगी. वहीं, इस चरण में राज्य के 30,009 पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया जायेगा. चौथे चरण की वोटिंग को शांतिपूर्ण तरीके से कराये जाने के लिए इस बार सीइओ कार्यालय द्वारा विशेष व्यवस्था की गयी है. इस दौर में सभी मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग की जायेगी. सीइओ कार्यालय से अधिकारी वेब कास्टिंग के जरिये बूथों पर नजर रखेंगे. वहीं, मतदान के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी, इवीएम की समस्या या अन्य शिकायतों के समाधान के लिए चुनाव आयोग अधिक से अधिक क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात रखेगा. फिलहाल यह निर्णय लिया गया है कि चौथे चरण में आठ सीटों पर 150 से अधिक क्यूआरटी टीम को तैनात किया जायेगा. वहीं इस बार क्यूआरटी को जीपीएस से ट्रैक किया गया है.

. ताकि, क्यूआरटी की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. सीइओ कार्यालय से अधिकारी क्यूआरटी टीम की गतिविधियों पर नजर रखेंगे. प्रत्येक पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक क्यूआरटी टीम होगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >