चुनाव में धांधली कराने के आरोप में दो प्रिसाइडिंग ऑफिसर हटाये गये

चुनाव के दौरान बर्दवान दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र में उत्तेजित भीड़ को हटाने के लिए केंद्रीय बल के जवान को लाठी भी भांजनी पड़ी थी.

कोलकाता. राज्य में पिछले तीन चरणों के मुकाबले चौथे चरण का चुनाव हंगामेदार रहा. इस चरण में राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीइओ) ने चुनाव में धांधली के आरोप पर दो प्रिसाइडिंग ऑफिसर को हटाया. इस दिन चुनाव के दौरान बर्दवान दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र में उत्तेजित भीड़ को हटाने के लिए केंद्रीय बल के जवान को लाठी भी भांजनी पड़ी थी. इस दौरान केंद्रीय पुलिस बल के एक जवान और एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है. यह जानकारी सोमवार को महानगर में राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीइओ) डॉ आरिज आफताब ने दी. उन्होंने विस्तार पूर्वक बताया कि मुर्शिदाबाद के सालार पोलिंग स्टेशन के बूथ नंबर 186 और बोलपुर लोकसभा क्षेत्र के चांतरा बाड़ी प्राथमिक विद्यालय के 25 नंबर पोलिंग स्टेशन के प्रिसाइडिंग ऑफिसर को आयोग द्वारा हटा गया है. इस दोनों ही जगहों पर चुनाव में धांधली और छप्पा वोट के आरोप थे. आयोग ने वेब कास्टिंग में देखा कि प्रिसाइडिंग ऑफिसर के सामने सब कुछ चल रहा है. दोनों ही जगहों पर दो संदिग्ध व्यक्ति बार-बार मतदान केंद्र में प्रवेश कर रहे थे. इस वजह से दो पीठासीन अधिकारियों को हटाया गया. वहीं चुनाव के दौरान आयोग को कुल 1705 शिकायतें मिलीं. सीइओ ने बताया कि चुनाव के दौरान सबसे अधिक शिकायतें माकपा की ओर से की गयीं. माकपा के द्वारा 191 शिकायतें की गयीं. वहीं, तृणमूल कांग्रेस छह और भाजपा 38 और कांग्रेस की ओर से 85 शिकायतें की गयीं. चुनाव के दौरान हुई हिंसा की घटनाओं के संबंध में सीइओ ने बताया कि पिछले तीन चरणों के मुकाबले इस चरण में अधिक सीटों पर वोटिंग हुई है. इसलिए कुछ जगहों पर छिटपुट हिंसा की घटनाएं देखने को मिलीं. हालांकि आगले चरणों में सुरक्षा को और अधिक मजबूत किया जायेगा.

चुनाव के दौरान 69 की हुई गिरफ्तारी

चौथे चरण के चुनाव के दौरान कुल 69 प्रिवेंटिव अरेस्टिंग हुई है. इस दौरान रानाघाट उत्तर पश्चिम के बूथ नंबर 205 से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. यहां से 17 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. इस व्यक्ति पर छप्पा वोट डालने का आरोप है. बीरभूम लोकसभा क्षेत्र के बोलपुर विधानसभा क्षेत्र के 178 नंबर बूथ से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. आयोग की ओर से बताया गया है कि आसनसोल पांच, पूर्व बर्दवान 58, बीरभूम से एक और राणाघाट से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. आयोग की ओर से बताया कि गया है, बर्दवान दुर्गापुर लोगसभा क्षेत्र के मंतेश्वर विधानसभा के तुलबाजार में भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष के वाहन के सामने कुछ लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया है. यहां केंद्रीय पुलिस बल की गाड़ियों में तोड़ फोड़ की गयीं. इस दौरान एक व्यक्ति घायल हुआ है. दूसरी घटना कालना गेट इलाके की है. यहां भी दिलीप घोष को रोका गया था. आयोग ने बताया कि पुलिस दोनों ही मामलों की जांच कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >