मेरे और लिएंडर जैसी जोड़ी टेनिस के इतिहास में नहीं : भूपति
कोलकाता. डबल्स में लिएंडर पेस के जोड़ीदार रहे टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति का कहना है कि उन्होंने और लिएंडर ने वर्ष 1996 से 2002 तक जो हासिल किया, वह टेनिस के इतिहास में देखने को नहीं मिलता. क्रम तालिका में 100 से नीचे रहने के बाद नंबर एक का स्थान पाने का उदाहरण देखने को […]
कोलकाता. डबल्स में लिएंडर पेस के जोड़ीदार रहे टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति का कहना है कि उन्होंने और लिएंडर ने वर्ष 1996 से 2002 तक जो हासिल किया, वह टेनिस के इतिहास में देखने को नहीं मिलता. क्रम तालिका में 100 से नीचे रहने के बाद नंबर एक का स्थान पाने का उदाहरण देखने को नहीं मिलता. दोनों के बीच के विवाद पर महेश का कहना था कि विवाद खेल का हिस्सा है. कई बार इसे बड़ा कर के भी दिखाया जाता है. ऐसा नहीं है कि विवाद सुलझाने की कोशिश नहीं की गयी.
हम दोनों ही जानते थे कि यह रिश्ता कितना विशेष है. बोरिया मजूमदार की पुस्तक ‘ए हिस्ट्री ऑफ इंडियन स्पोर्ट थ्रू 100 आर्टेफैक्ट्स’ के लोकार्पण के मौके पर संवाददाताओं से बातचीत में भूपति ने यह कहा.
उल्लेखनीय है कि पुस्तक के विमोचन के मौके पर पुल्लेला गोपीचंद, संजीव गोयनका, हर्षवर्द्धन नेवटिया, फैनाटिक स्पोर्ट्स म्यूजियम की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभानेवाले राघव गुप्ता, पैरालंपिक्स में पदक विजेता दीपा मलिक व अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद थे. किताब में खेल से जुड़ी 100 दुर्लभ सामग्रियों के जरिये भारतीय खेल के इतिहास पर चर्चा की गयी है.