चाय बागान खोलने पर बनी बात

जलपाईगुड़ी. माल बाजार के सोनागाछी चाय बागान स्थित नथाटी डिवीजन को खोलने का निर्णय लिया गया है. यह बागाने दो मई से बंद है. मंगलवार को जलपाईगुड़ी में उप-श्रम अधिकारी के कार्यालय में त्रिपक्षीय बैठक के बाद इस बागान को खोलने का फैसला किया गया. उप श्रम अधिकारी पार्थ विश्वास ने बताया है कि श्रमिकों […]

जलपाईगुड़ी. माल बाजार के सोनागाछी चाय बागान स्थित नथाटी डिवीजन को खोलने का निर्णय लिया गया है. यह बागाने दो मई से बंद है. मंगलवार को जलपाईगुड़ी में उप-श्रम अधिकारी के कार्यालय में त्रिपक्षीय बैठक के बाद इस बागान को खोलने का फैसला किया गया. उप श्रम अधिकारी पार्थ विश्वास ने बताया है कि श्रमिकों तथा मालिकों के बीच मतभेद की वजह से नथाटी डिवीजन बंद हो गया था. अब दोनों के बीच मतभेद दूर हो गये हैं. 11 मई से बागान खोलने का निर्णय लिया गया है.

इधर, बागान के मैनेजर आरएस खंडेलवाल का कहना है कि गड़बड़ी करने वाले श्रमिक नेता के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जायेगी. बैठक में बृहस्पतिवार से बागान खोलने का निर्णय लिया गया है. तृणमूल के अधीन तराई-डुवार्स प्लांटेशन वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष नकुल सोनार का भी कहना है कि बागान खोलने को लेकर थोड़ी समस्या थी.

त्रिपक्षीय बैठक के बाद तमाम समस्याएं दूर कर ली गई हैं. चाय बागान के कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना निंदनीय है. इस तरह से किसी चाय बागान को बंद करना सही नहीं है. उल्लेखनीय है कि तृणमूल कांग्रेस के अंदर ही बर्चस्व की लड़ाई की वजह से चाय बागान में काफी गड़बड़ी चल रही थी. उसके बाद दो मई को बागान बंद करने का निर्णय लिया गया. उस दिन तृणमूल नेता लोपा मांझी ने अपने समर्थकों के साथ चाय बागान के कार्यालय पर हमला कर दिया था. उसके बाद ही बागान बंद करने की घोषणा की गई. इस चाय बागान में श्रमिकों की कुल संख्या 540 है. बागान खुलने की खबर से सभी श्रमिक काफी खुश हैं. आज त्रिपक्षीय बैठक में बागान प्रबंधन की ओर से राधे श्याम खंडेलवाल, माकपा से शंकर विश्वास, तृणमूल के श्रमिक नेता स्वपन सरकार, नकुल सोनार, बीबीआइटी के सचिव सुमंत गुहा ठकुराता के अलावा श्रम विभाग के अधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >