सिलीगुड़ी : वर्तमान केंद्र सरकार द्वारा लागू सातवां वेतन आयोग कर्मचारियों के हक में नहीं है. यह श्रम विरोधी कानून है. इस कानून के विरोध में मोदी सरकार पर तल्ख तेवर दिखाते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे कर्मचारी संगठन (एनएफआरइयू) के महासचिव मुनिंद्र सैकिया का कहना है कि इसके तहत कर्मचारियों का जो वेतन बढ़ा है वह बीते 10 वर्षों की अवधि और वर्तमान महंगाइ के मुकाबले काफी कम है.
इसको लेकर संगठन की ओर से पिछले एक वर्ष से केंद्र सरकार के विरूद्ध आंदोलन हो रहा है. आंदोलन के बाद इस कानून की समीक्षा के लिए एक केंद्रीय जांच कमेटी भी गठित की गयी. लेकिन कमेटी गठन के एक वर्ष बीत जाने के बावजूद आजतक समीक्षा रिपोर्ट पेश नहीं की गयी.
शनिवार को श्री सैकिया ने एनएफआरइयू के कटिहार मंडल के सिलीगुड़ी जंक्शन इकाई के आम सभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार को चेतावनी दी और कहा कि कर्मचारियों के हक व अधिकार के हमेशा लड़ते रहेंगे. सिलीगुड़ी जंक्शन की यह आमसभा स्थानीय मल्लागुड़ी स्थित रेलवे की जमीन पर बने संगठन के नये भवन ‘शक्ति भवन’ में हुई. इस नये भवन का लोकार्पण व उद्घाटन श्री सैकिया ने ही विधिवत किया. इस मौके पर बतौर अतिथि कांग्रेस के श्रमिक संगठन इंटक के दार्जिलिंग जिला अध्यक्ष आलोक चक्रवर्ती, एनएफआरइयू के केंद्रीय सांगठनिक सचिव पीएस ढिल्लों, कटिहार मंडल के मंडलीय सचिव रूपेश कुमार, प्रचार-प्रसार विभाग के सचिव तनुज कुमार दे व अन्य विशिष्ठ पदाधिकारियों ने भी सभा को संबोधित किया. इस मौके पर सिलीगुड़ी जंक्शन इकाई के 25वें आम सभा के चेयरमैन विकास कुमार सिंह ने स्वागत भाषण दिया और सिलीगुड़ी जंक्शन इकाई के सचिव प्रदीप गजमेर ने वर्षभर का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया.
नयी कमेटी गठित ः सिलीगुड़ी जंक्शन रेलवे कर्मचारी संगठन इकाई की 25वें द्विवार्षिक आम सभा में नयी कमेटी गठित की गयी. सर्वसम्मति से अध्यक्ष प्रदीप गजमेर, सचिव विकास कुमार सिंह, संयुक्त सचिव तनुज कुमार दे व कल्याण सरकार एवं कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी उमेश यादव को सौंपी गयी है. वहीं, वूमेंस वेलफेयर कमेटी की संयोजिका येशु शेरपा, अध्यक्षा रूमिना सॉल्ट, सचिव पासांग शेरपा, ऑफिस सचिव प्रतिमा दे, संयुक्त सचिव मिताली राज, शोभा पासवान व प्रणोती चक्रवर्ती एवं कोषाध्यक्ष सीता राउत को बनाया गया है. इस मौके पर मेकनिकल वेलफेयर कमेटी व युथ वेलफेयर कमेटी का भी गठन किया गया.
पत्रकारों को किया सम्मानित
25वें द्विवार्षिक आम सभा के दौरान सिलीगुड़ी जंक्शन रेलवे कर्मचारियों ने सिलीगुड़ी के कई पत्रकारों को उनके उत्कृष्ठ योगदान के लिए सम्मानित किया. इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार विपिन राय, राजकुमार शर्मा, टीके घतानी, बापी घोष, राजा दास, तारक चक्रवर्ती, गिरिश मजुमदार, मानस महंत, श्रेया महंत, शिवानंद पांडेय, पवन अग्रवाल,छायाकार पुलक कर्मकार व अन्य को खादा पहनाकर और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया.
