सिलीगुड़ी : सशस्त्र सीमा बल और कस्टम विभाग ने सिलीगुड़ी में एक संयुक्त अभियान चलाकर भगवान गणेश की ऐतिहासिक मूर्ति बरामद की है. शुक्रवार की रात एसएसबी के कमांडेंट राजीव राणा की अगुवायी में भारत-नेपाल सीमा पर पानीटंकी इलाके में यह कार्रवाई की गयी. भगवान गणेश की प्रतिमा को नेपाल तस्करी करने की योजना थी.
इस सिलसिले में पलाश मित्रा (30) नाम के शख्स को गिरफ्तार किया गया है. वह पेशे से रिक्शा चालक है. वही अपने रिक्शे में मूर्ति को छिपा कर पानीटंकी के रास्ते नेपाल जाने की फिराक में था.
इससे पहले ही उसे धर-दबोचा गया. रिक्शा वाला दक्षिण दिनाजपुर जिले के गंगारामपुर थाना अंतर्गत कोराई गांव का रहने वाला है. वह नेपाल में किसी को मूर्ति बेचने जा रहा था. गणेश की यह मूर्ति करीब एक किलो की है. कमांडेंट राजीव राणा ने बताया है कि बरामद करने के बाद मूर्ति को जांच के लिए उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय भेजा गया. वहां के विशेषज्ञों ने मूर्ति के ऐतिहासिक होने की बात कही है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपये में है.
