बागडोगरा एयरपोर्ट दिनभर आते रहे वीआइपी, दिल्ली से आये चामलिंग
सिलीगुड़ी: बागडोगरा एयरपोर्ट पर शनिवार को दिनभर कई वीआइपी का जमावड़ा लगा रहा. इनकी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की वजह से मुसाफिरों को जहां आंशिक परेशानी भी हुई,वहीं, एयरपोर्ट के अधिकारियों व कर्मचारियों को वीआइपीयों की खातिरदारी में दिनभर व्यस्त देखा गया. केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण राज्य मंत्री सह दार्जिलिंग संसदीय क्षेत्र के सांसद एसएस […]
सिलीगुड़ी: बागडोगरा एयरपोर्ट पर शनिवार को दिनभर कई वीआइपी का जमावड़ा लगा रहा. इनकी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की वजह से मुसाफिरों को जहां आंशिक परेशानी भी हुई,वहीं, एयरपोर्ट के अधिकारियों व कर्मचारियों को वीआइपीयों की खातिरदारी में दिनभर व्यस्त देखा गया. केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण राज्य मंत्री सह दार्जिलिंग संसदीय क्षेत्र के सांसद एसएस अहलुवालिया दिल्ली से बागडोगरा एयरपोर्ट सुबह करीब 8.45 बजे पहुंचे. यहां से वह अपने काफिले के साथ सड़क मार्ग से सीधे माटीगाड़ा के खपरैल स्थित अपने बंग्लों के लिए रवाना हो गये.
इसके तीन घंटे बाद ही सिक्किम के मुख्यमंत्री पवन चामलिंग भी दिन के करीब 12.15 बजे दिल्ली से बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचे. वह भी अपने विशाल काफिले के साथ यहां से सड़क मार्ग से सीधे सिक्किम के लिए रवाना हो गये. इसी बीच एक मुख्य न्यायाधीश भी बागडोगरा एयरपोर्ट पर पहुंचे. हालांकि उनका नाम और वह कहां जानेवाले थे इसकी जानकारी नहीं लग सकी.
वहीं, केंद्रीय सड़क परिवहन,राजमार्ग व जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी भी आज दिल्ली लौटने के लिए बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचें. पहले तय कार्यक्रम के तहत शाम करीब पांच बजे श्री अहलुवालिया वापस एयरपोर्ट पहुंचकर वीआइपी लॉज में श्री गडकरी से मिले और कई जरूरी मुद्दों पर देर तक बातचीत की. इस दौरान गडकरी से मिलने और उनकी एक झलक पाने के लिए भाजपा और गोरखा जनमुक्ति मोरचा के कई नेताओं को भी एयरपोर्ट पर मंडराते देखा गया. बाद में श्री गडकरी एक विशेष विमान से देर शाम को दिल्ली लौट गये.