कालिम्पोंग/सिलीगुड़ी : आने वाले नगरपालिका चुनाव को लेकर दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र में चुनावी पाड़ा इन दिनों उफान पर है. हर दिन ही नये समीकरण बन रहे हैं. ऐसे माहौल में अब सबकी नजर विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा पर टिक गई है. 14 मई को दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र के चार नगरपालिकाओं दार्जिलिंग, कर्सियांग, मिरिक तथा कालिम्पोंग में चुनाव होना है.
कालिम्पोंग नगरपालिका चुनाव के लिए सबसे पहले सत्तारूढ़ गोजमुमो ने अपने 14 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. गोजमुमो सुप्रीमो बिमल गुरूंग पिछले कई दिनों से कालिम्पोंग में थे. पार्टी नेताओं के साथ लगातार बैठक के बाद उन्होंने 14 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की और दार्जिलिंग के लिए रवाना हो गये. कालिम्पोंग नगरपालिका में कुल 23 वार्ड हैं. बिमल गुरूंग ने जो सूची जारी है, इसके अनुसार वार्ड नंबर दो से छिरिंग लांगजोन, सात से बिमला छेत्री, 12 से सुभाष गुप्ता, 14 से एडवर लेप्चा, 16 से बरुण भुजेल, 18 से मुन्ना लामा, 19 से सुयश्री धिमिरे, 21 से पासंग छीरिंग शेरपा तथा वार्ड 22 से फूब छीरिंग तामांग चुनाव लड़ेंगे. गोजमुमो उम्मीदवारों की घोषणा आज दो चरणों में की गई.
पहले चरण में इन नौ उम्मीदवारों की घोषणा की गई. उसके तुरंत बाद पांच और उम्मीदवारों की घोषणा गोजमुमो ने कर दी. इस मौके पर गोजमुमो कालिम्पोंग ब्रांच कमेटी के अध्यक्ष आरबी भुजेल भी उपस्थित थे. जो दूसरी सूची जारी की गई है, उनमें से वार्ड नंबर चार से रूबेन खवास, 13 से कुमार चामलिंग, 17 से इंदिरा गामेर, 20 से सोनम पाल्देन भुटिया तथा वार्ड 23 से एसएल छीरिंग लेप्चा को उम्मीदवारी दी गई है. इन उम्मीदवारों की घोषणा करने के साथ ही बिमल गुरूंग दार्जिलिंग रवाना हो गये. हमारे दार्जिलिंग संवाददाता के अनुसार वह दार्जिलिंग पहुंच भी गये हैं.
गोजमुमो सूत्रों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार श्री गुरूंग कल बुधवार को कालिम्पोंग के बचे वार्डों सहित दार्जिलिंग, कर्सियांग तथा मिरिक के सभी वार्डों में गोजमुमो उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकते हैं. गोजमुमो सूत्रों ने बताया कि चारों नगरपालिकाओं के 84 वार्डों की रिपोर्ट उन्हें सौंपी गई है. वही उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम फैसला लेंगे. इस बीच, तृणमूल कांग्रेस ने भी अपनी ओर से नगरपालिका चुनाव की जोरदार तैयारी शुरू कर दी है. राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस बार पहाड़ पर मुख्य मुकाबला गोजमुमो और तृणमूल के बीच ही है.
तृणमूल कांग्रेस ने पहले ही मन घीसिंग के नेतृत्व वाली गोरामुमो से चुनावी तालमेल कर लिया है. इधर, कर्सियांग में मंगलवार को तृणमूल नेता तथा उत्तर बंगाल विकास मंत्री रबीन्द्रनाथ घोष ने पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं तथा नेताओं के साथ एक बैठक की. उन्होंने कालिम्पोंग के विभिन्न इलाकों का भी दौरा किया. इस मौके पर तृणमूल के पार्टी प्रवक्ता बिन्नी शर्मा भी उपस्थित थे. तृणमूल कांग्रेस ने बताया है कि आज की बैठक में नगरपालिका चुनाव को लेकर चरचा की गई है.
माकपा और कांग्रेस को नहीं मिल रहे उम्मीदवार
पहाड़ की चार नगरपालिकाओं के 84 वार्डों के लिए माकपा और कांग्रेस को ढंग के उम्मीदवार तक नहीं मिल रहे. हिल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लॉरेन्स पीटी लामा ने बताया कि पार्टी आलाकमान ने चार नगरपालिकाओं में उम्मीदवार खड़े करने की बात कही है. लेकिन अब तक उम्मीदवारों की तलाश नहीं हो पायी है. हालांकि पार्टी योग्य उम्मीदवार खोजने में जुटी हुई है.
ऐसा ही अवस्था माकपा की भी है. पहाड़ के वरिष्ठ माकपा नेता केवी वातर ने बताया कि दार्जिलिंग नगरपालिका के 32 वार्डों में से अभी 5 वार्ड के लिए ही उम्मीदवार तय हो पाये हैं. इसी तरह कालिम्पोंग नगरपालिका के 23 वार्डों में से 8 के लिए उम्मीदवार मिला है. मिरिक व कर्सियांग नगरपालिकाओं में पार्टी को एक भी उम्मीदवार नहीं मिला है.
