नाराजगी: गरीबों के मुंह से निवाला छीन रहे मोदी : गौतम

सिलीगुड़ी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पांच सौ और हजार के नोट बंद करने को लेकर तृणमूल कांग्रेस में गहरा आक्रोश है. यह आक्रोश शुक्रवार को एकबार फिर तृणमूल के दार्जिलिंग जिला अध्यक्ष सह पर्यटन मंत्री गौतम देव के लहजे में दिखा. गल्ला मंडी नयाबाजार के बिहार चौक पर एक पार्टी कार्यक्रम के दौरान श्री देव […]

सिलीगुड़ी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पांच सौ और हजार के नोट बंद करने को लेकर तृणमूल कांग्रेस में गहरा आक्रोश है. यह आक्रोश शुक्रवार को एकबार फिर तृणमूल के दार्जिलिंग जिला अध्यक्ष सह पर्यटन मंत्री गौतम देव के लहजे में दिखा. गल्ला मंडी नयाबाजार के बिहार चौक पर एक पार्टी कार्यक्रम के दौरान श्री देव ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने नयाबाजार के दिहाड़ी मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी गरीबों के मुंह से निवाला छीन रहे हैं. महंगाई से गरीब पहले से ही त्रस्त हैं और अब नोट की मार झेलने को मजबूर हैं.

श्री देव ने कहा कि मोदी अपनी मनमानी देश की आम जनता पर थोपना चाहते हैं. लेकिन देशवासी मोदी की गंदी राजनीति अब समझने लगे हैं और उनकी हरेक जनविरोधी नीति का विरोध करने लगे हैं. उन्होंने कहा कि मां-माटी-मानुष की ममता सरकार हमेशा आम जनता की पार्टी थी, है, और रहेगी. उन्होंने कहा कि तृणमूल हर स्तर के लोगों के दुख-सुख में हमेशा साथ खड़ी रहेगी.

इस मौके पर श्री देव ने सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर अशोक भट्टाचार्य भी खूब तंज कसा. उन्होंने कहा कि मोदी के ही नक्शे कदम पर मेयर चल रहे हैं. मोदीजी लगातार विदेश यात्रा कर पैसे की बर्बादी कर रहे हैं और मेयर भारत यात्रा करने में व्यस्त रहते हैं. मेयर को सिलीगुड़ी की जनता की कोई चिंता नहीं हैं. एक तरफ वह विकास के नाम पर हमेशा आर्थिक तंगी का रोना रोते हैं, तो दूसरी तरफ दिल्ली और कोलकाता बेवजह घूमकर निगम की जनता का पैसा बर्बाद करते हैं. श्री देव ने कहा कि निगम के वाम बोर्ड ने शहर के विकास पर ब्रेक लगा दिया है. नागरिक परिसेवाएं पूरी तरह ठप हैं. सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में डेंगू एकबार फिर फन उठाये खड़ा है. लेकिन इससे मेयर को कोई लेना-देना नहीं है.

सैकड़ों कामगारों ने थामा तृणमूल का दामन

तृणमूल कांग्रेस के इस कार्यक्रम के दौरान नयाबाजार व सिलीगुड़ी टाउन के सैकड़ों दिहाड़ी मजदूरों ने पार्टी का दामन थाम लिया. नेशनल डेमोक्रेटिक लेबर फेडरेशन (एनडीएलएफ) द्वारा अनुमोदित सिलीगुड़ी टाउन मजदूर यूनियन के सचिव संजीव राय की अगुवाई में सभी सदस्य शुक्रवार को एकसाथ तृणमूल की ट्रेड यूनियन आइएनटीटीयूसी में शामिल हुए. मंत्री गौतम देव ने सभी को झंडा थमा कर तहेदिल से उन्हें पार्टी में शामिल किया. श्री राय ने छह सौ मजदूरों के तृणूल में शामिल होने का दावा किया. कार्यक्रम का संचालन तृणमूल नेता कमल गोयल ने किया. इस मौके पर आइएनटीटीयूसी के जिला अध्यक्ष अरूप रतन घोष, युवा नेता गौरी शंकर गोयल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया. कार्यक्रम में तृणमूल जिला कमेटी के सदस्य संजय शर्मा, पूर्व पार्षद रामानंद प्रसाद, दिगबंर सिंह, अशोक कांति, आठ नंबर वार्ड तृकां कमेटी के अध्यक्ष मनिष बारी के अलावा भारी तादाद में नेता-कार्यकर्ता व मजदूर मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >