मालबाजार: एक सौ दिन रोजगार योजना (मनरेगा) की बकाया मजदूरी के भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को नागराकाटा ब्लॉक के चंपागुड़ी इलाके के लोगों ने पोस्टमास्टर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया. इसकी वजह से पोस्ट ऑफिस का कामकाज बाधित रहा. श्रमिकों ने धमकी दी कि अगर पैसे का भुगतान नहीं किया गया तो वे पोस्ट ऑफिस में ताला जड़ देंगे.
पोस्टमास्टर द्वारा जल्दी ही भुगतान कर दिये जाने के आश्वासन देने के बाद सुबह 11 बजे शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन दोपहर में ढाई बजे खत्म हुआ. चंपागुड़ी ग्राम पंचायत सूत्रों ने बताया, वर्ष 2014 से कई हजार श्रमिकों का पैसा पोस्ट ऑफिस में आया है, लेकिन इसके भुगतान में आनाकानी की जा रही है. अभी 25 ग्राम पंचायतों के श्रमिकों का करीब साढ़े चार हजार करोड़ रुपये बकाया है. बार-बार आने पर भी भुगतान नहीं होने पर श्रमिकों ने पोस्टमास्टर का घेराव कर विरोध जाहिर किया.
चंपागुड़ी ग्राम पंचायत के सदस्य चक्र मुंडा ने कहा, श्रमिक काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें पैसा नहीं मिल रहा है. पैसा पोस्ट ऑफिस में आ जाता है, फिर भी पता नहीं क्यों भुगतान नहीं किया जाता. इसकी वजह से हमारा इलाके में रहना मुश्किल हो गया है. श्रमिक यह बात नहीं समझते और पैसा मांगने बार-बार घर पहुंच जाते हैं. इसके अलावा अभी मुसलमानों का रमजान भी चल रहा है. उन्हें पैसे की खास तौर पर जरूरत है. ऐसे में हमें बाध्य होकर पोस्ट ऑफिस का घेराव करना पड़ा. समय पर पैसा नहीं मिला तो फिर घेराव करेंगे.
चंपागुड़ी ग्राम पंचायत के प्रधान रिंकू नाग ने बताया, धीरे-धीरे करके साढ़े चार हजार करोड़ रुपये बकाया हो गया है. वहीं नागराकाटा पोस्ट ऑफिस के पोस्टमास्टर अबुल कायेस ने बताया, मैंने आज ही योगदान दिया है. मुझे पता चला है कि कुछ तकनीकी समस्या की वजह से पैसे का भुगतान नहीं हो पा रहा है. जो भी हो, आगामी 15 दिनों के अंदर सभी श्रमिकों का पूरा भुगतान कर दिया जायेगा.
