सिलीगुड़ी. काल किसी और को लेने आया था, लेकिन लेकर किसी और को चला गया. दो की जान बचाने गये दो लोग स्वयं ही काल के गाल में समा गये. सिलीगुड़ी के प्रधान नगर थाना इलाके में चंपासारी के कदमतला इलाके में दो लोगों की मौत कुएं में हो गयी. इस घटना से स्थानीय लोग […]
सिलीगुड़ी. काल किसी और को लेने आया था, लेकिन लेकर किसी और को चला गया. दो की जान बचाने गये दो लोग स्वयं ही काल के गाल में समा गये. सिलीगुड़ी के प्रधान नगर थाना इलाके में चंपासारी के कदमतला इलाके में दो लोगों की मौत कुएं में हो गयी. इस घटना से स्थानीय लोग आश्चर्यचकित हैं.
प्रधान नगर पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज भेज दिया. इस घटना में पुलिस ने स्वत: संज्ञान के तहत अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया है.सिलीगुड़ी कई इलाकों में पेयजल की समस्या गहरायी हुई है. सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 46, महकमा परिषद इलाका देवीडांगा, मिलन मोड़ इलाके में घरों के कुएं सूखने लगे हैं. कुआं सफाई काम बड़े जोरों पर चल रहा है. आज चंपासारी कदमतला स्थित कालीमंदिर के निकट रहने वाले संजय प्रधान अपने घर का कुआं साफ करा रहे थे. इस काम के लिए उन्होंने दो स्थानीय मजदूरों को काम पर लगाया.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुएं में पानी काफी कम था. दोनों मजदूर कुछ देर काम करने के बाद बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगे. इतने में स्थानीय राजेश खाती और प्रणय पाल मौके पर पहुंचे और मजदूरों को बचाने के लिए कुएं में उतरे. मजदूर तो सही-सलामत निकाल लिये गये, लेकिन उन दोनों की अवस्था खराब हो गयी. वे दोनो कुएं से निकल नहीं पाये, और वहीं दम तोड़ दिया. मजदूरों को डॉक्टरी जांच के लिये उन्हें अस्पताल ले जाया गया. अब उनकी स्थिति में सुधार है.
घटना की जानकारी प्रधान नगर थाने को दी गयी. जानकारी मिलने के साथ ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया. दोनों की मौत का कारण एक रहस्य बना हुआ है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के रहस्य से परदा उठेगा. इधर पुलिस ने स्वत: संज्ञान के तहत अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है.