साफ-सफाई को लेकर विरोधियों ने मेयर को घेरा

सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी के मासिक बोर्ड बैठक में सोमवार को साफ-सफाई तथा सामाजिक योजनाओं से संबंधित पेंशन आदि मुद्दे को लेकर गहमा गहमी बनी रही. तृणमूल पार्षदों ने इन मुद्दों को लेकर मेयर अशोक भट्टाचार्य को घेरा. तृणमूल पार्षदों का कहना था कि निगम इलाके में ड्रेनों तथा नालों की नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं हो […]

सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी के मासिक बोर्ड बैठक में सोमवार को साफ-सफाई तथा सामाजिक योजनाओं से संबंधित पेंशन आदि मुद्दे को लेकर गहमा गहमी बनी रही. तृणमूल पार्षदों ने इन मुद्दों को लेकर मेयर अशोक भट्टाचार्य को घेरा. तृणमूल पार्षदों का कहना था कि निगम इलाके में ड्रेनों तथा नालों की नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं हो रही है, जिसकी वजह से हर तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है और बारिश होते ही जल-जमाव की स्थिति बन जाती है.
बोर्ड गठन से पहले माकपा तथा वाम मोरचा ने सिलीगुड़ी के लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं देने के तमाम वादे किये थे, लेकिन अब इन वादों को पूरा नहीं किया जा रहा है. नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं किये जाने की वजह से हर ओर मच्छरों का आतंक है और डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारी फैलने की संभावना है. तृणमूल पार्षद रंजनशील शर्मा ने कहा कि मच्छरों को मारने के लिए फोगिंग मशीन का भी नियमित रूप से उपयोग नहीं हो रहा है. पहले विभिन्न वार्डों में हर दिन सुबह-शाम गंदगी वाले इलाकों में फोगिंग मशीन का उपयोग होता था. अब इस मशीन का उपयोग अनियमित हो गया है. दो दिन या तीन बाद इस मशीन से धुआं छोड़ने का काम हो रहा है. इस पर जवाब देते हुए एमआइसी मुकुल सेनगुप्ता ने कहा कि तेल की कमी की वजह से फोगिंग मशीन को नियमित रूप से नहीं चलाया जा रहा है. जिस पेट्रोल पंप से नगर निगम को तेल की आपूर्ति की जाती है, उन पर मनमानी करने का आरोप लग रहा है. पेट्रोल पंप मालिक नियमित रूप से तेल की आपूर्ति नहीं कर रहे हैं. तेल नहीं होने का बहाना बनाया जाता है.

श्री सेनगुप्ता ने आगे कहा कि पेट्रोल पंप बदलने की बातचीत चल रही है. वह शीघ्र ही इस मुद्दे को लेकर एक बैठक करेंगे. उसके बाद किसी दूसरे पेट्रोल पंप को तेल आपूर्ति की जिम्मेदारी दी जायेगी. यह मामला अभी शांत ही हुआ था कि तृणमूल कांग्रेस के एक अन्य पार्षद स्वपन दास ने सामाजिक योजना के तहत मिलने वाली पेंशन बंद कर देने का आरोप वाम बोर्ड पर लगाया. उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को एक-एक साल से पेंशन की सुविधा नहीं मिल रही है.

उन्होंने यथाशीघ्र इसको चालू करने की मांग की. इस पर जवाब देते हुए मेयर अशोक भट्टाचार्य ने कहा कि किसी की भी पेंशन नहीं रोकी गई है. वाम बोर्ड के सत्ता में आने से पहले आठ महीने का पेंशन बकाया था और वही बकाया अभी जारी है. उन्होंने माना कि राज्य सरकार की ओर से पैसे नहीं मिलने की वजह से पेंशन देने में देरी हो रही है. राज्य सरकार के पास अभी भी इस मद में बकाया है और एक बार भुगतान हो जाने के बाद सभी को पेंशन दे दिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >