सिलीगुड़ी: 16वें राज्य विधानसभा चुनाव में वाम-कांग्रेस गठबंधन की करारी हार को स्वीकार करते हुए सिलीगुड़ी महकमा क्षेत्र के माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी सीट से कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायक शंकर मालाकार ने कहा है कि लोकतंत्र में हार-जीत निश्चित है. इस चुनावी दंगल में कोई जीतेगा तो काई हारेगा. यह बातें श्री मालाकार सोमवार को सिलीगुड़ी के हाशमी […]
सिलीगुड़ी: 16वें राज्य विधानसभा चुनाव में वाम-कांग्रेस गठबंधन की करारी हार को स्वीकार करते हुए सिलीगुड़ी महकमा क्षेत्र के माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी सीट से कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायक शंकर मालाकार ने कहा है कि लोकतंत्र में हार-जीत निश्चित है. इस चुनावी दंगल में कोई जीतेगा तो काई हारेगा.
यह बातें श्री मालाकार सोमवार को सिलीगुड़ी के हाशमी चौक स्थित जिला कांग्रेस पार्टी मुख्यालय विधानभवन में आयोजित प्रेस-वार्ता के दौरान मीडिया के सामने कही. उन्होंने कहा बंगाल की जनता ने जो दायित्व दिया है उसे कांग्रेस और वाम एक साथ मिलकर निभायेंगे. गठबंधन विपक्ष में रहकर ही जनता के लिए काम करेगी. श्री मालाकार ने स्वीकार किया कि विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन बंगाल की जनता को प्रभावित नहीं कर सकी. इसकी वजह काफी कम समय में गठबंधन का आधिकारिक रूप से एलान किया गया था.
यही वजह है कि वाम-कांग्रेस दोनों का ही अपना वोट बैंक तणमूल कांग्रेस को मिल गया. उन्होंने कहा की पूरे बंगाल में 74 सीटों पर गठबंधन उम्मीदवार मात्र दो-पांच हजार वोट से ही हारे हैं. अगर हम गतठबंधन का एजेंडा समय पर जनता तक पहुंचाने में सफल होते तो, बंगाल में गठबंधन की ही सरकार बनती. उन्होंने कहा कि बंगाल में गठबंधन को और सक्रिय व मजबूत किया जायेगा.
श्री मालाकार ने कहा कि गठबंधन विपक्ष की भूमिका पूरे सकारात्मक रूप से निभायेगी. सरकार की खामियों और अन्याय का जहां गठबंधन विधानसभा के अंदर और बाहर विरोध करेगी वहीं, अच्छे कार्यों के लिए प्रशंसा भी करेगी और सहयोग भी. साथ ही उन्होंने ममता की मां-माटी-मानुष की तृकां सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि बंगाल में लूट-खसोट की राजनीति और चलने नहीं दी जायेगी. बंगाल को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए गठबंधन सरकार की सही नीति का हमेशा समर्थन करेगी.