जघन्य: ‘काकू’ पर पड़ोस की नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का आरोप

सिलीगुड़ी: भक्तिनगर थाना क्षेत्र के आसीघर पुलिस चौकी में एक मुंहबोले ‘काकू’ पर पड़ोस की आठ वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का मामला दायर हुआ है. पहले भी दो बार पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है. अबकी तीसरी बार दुष्कर्म करने का इरादा था, लेकिन उससे पहले ही रिश्ते को तार-तार […]

सिलीगुड़ी: भक्तिनगर थाना क्षेत्र के आसीघर पुलिस चौकी में एक मुंहबोले ‘काकू’ पर पड़ोस की आठ वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का मामला दायर हुआ है. पहले भी दो बार पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है. अबकी तीसरी बार दुष्कर्म करने का इरादा था, लेकिन उससे पहले ही रिश्ते को तार-तार करनेवाले इस वारदात का खुलासा और कोई नहीं, बल्कि आरोपी की पत्नी ने ही किया है. वारदात मध्य शांतिनगर का है. वारदात के खुलासे के बाद से ही आरोपी व पेशे से पॉलिश मिस्त्री गोपाल मंडल फरार है. दायर प्राथमिकी के बाद पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल टेस्ट के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया.
पीड़ित बच्ची और गीता को इंसाफ दिलायेगा लीगल एड फोरम
पीड़ित बच्ची और पति के जुल्मों से परेशान गीता मंडल को इंसाफ दिलाने दार्जिलिंग जिला लीगल एड फोरम आगे आया है. फोरम के प्रवक्ता अमित भट्टाचार्य का कहना है कि मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना काफी मर्मांहत करनेवाली है. बच्ची ने घटना की पूरी जानकारी फोरम को दी है. उन्होंने कहा कि दुष्कर्म के आरोपी गोपाल मंडल द्वारा अपनी पत्नी को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की जानकारी मिली है. श्री भट्टाचार्य ने कहा कि पीड़ित बच्ची के साथ-साथ आरोपी की पत्नी को भी हर कानूनी सहायता दिलायेंगे.
क्या कहना है पीड़िता की मां का : पीड़िता की मां का कहना है कि उसका पति पांच साल पहले ही उसे, एक लड़की और एक लड़का को छोड़ कर फरार हो गया. उसके बाद से ही वह अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर मध्य शांतिनगर में सुनील मंडल के घर में चार वर्ष से किराये में रहती है. वह लोगों के घरों में काम करके किसी तरह अपना संसार चला रही है. उसकी बेटी बहुबाजार प्राथमिक विद्यालय की तीसरी कक्षा की छात्रा है.

वह काफी चंचल है और हर किसी के साथ जल्दी मिल जाती है. आरोपी गोपाल मंडल भी सुनील मंडल के मकान में अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ काफी दिनों से रह रहा है. आरोपी गोपाल को उसकी बेटी प्यार से काकू कहकर पुकारती थी. उसकी बेटी ने अपनी मां को बताया कि काकू ने बहला-फूसलाकर एवं चॉकलेट व दस-बीस रूपये का लालच देकर पहले भी दो बार उसके साथ जबरदस्ती की है. साथ ही किसी को बताने पर मारने की धमकी दी थी. वह काकू की मार व अपनी मां की पिटाई के भय से ही इतने दिनों तक चुप्पी साधे हुई थी. पीड़िता की मां को इस पूरी घटना की जानकारी कल यानी मंगलवार को हुई. पीड़िता की मां ने बुधवार को आरोपी गोपाल मिस्त्री के विरूद्ध आसीघर पुलिस चौकी में इसकी शिकायत दर्ज करा दी.

क्या कहना है आरोपी की पत्नी का : आरोपी गोपाल मंडल की पत्नी गीता मंडल का कहना है कि बच्ची के साथ उसकी पति पहले दो बार जबरदस्ती दुष्कर्म कर चुका है. दूसरी बार वह आठ-दस दिन पहले यह कुकर्म किया था. तब उसने रंगेहाथ अपने पति को पकड़ी थी, लेकिन उसके पति ने किसी को बताने पर अपने दोनों बच्चों को मारने की धमकी देकर मुंह बंद करा दिया. गीता का कहना है कि कल यानी मंगलवार की तीसरी बार वापस बच्ची के साथ दुष्कर्म करने की योजना बनाने की भनक उसे लगी तो वह चुप रह नहीं सकी, उसने अपने पति का विरोध किया. गोपाल ने गीता को बुरी तरह पीटा भी. गीता ने पड़ोसियों को पूरी घटना की जानकारी दी. उस समय पीड़िता की मां घर में नहीं थी.

पीड़िता की मां दिन के 12 बजे गैस सिलेंडर बुकिंग कराने गयी हुई थी. उसे फोन कर इस घटना की जानकारी दी गयी. पड़ोसी जब-तक इकट्ठे होते तब-तक गोपाल मौके से फरार हो गया. गीता का कहना है कि इस मार्मिक घटना के लिए अपने पति को सजा दिलाना चाहती है और ऐसे विकृत मानसिकता वाले पति के साथ रहकर वह अपना संसार बर्बाद करना नहीं चाहती. गोपाल के साथ गीता का 15 वर्ष पहले विवाह हुआ था. गीता का आरोप है कि शराब खोर उसका पति हमेशा ही बेवजह से मारता-पीटता था. वह खुद भी अपने पति के विरूद्ध घरेलू हिंसा का मामला दायर करायेगी ओर इंसाफ के लिए लड़ेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >