सिलीगुड़ी : सावधान! सिलीगुड़ी में इन दिनों वैनों पर वजन के हिसाब से खुलेआम बिक रहे टोस्ट बिस्किट खाने के आप शौकीन हैं तो अब संभल जाइये. वजह आप इन बेनामी बिस्किटों के खाने से अगर बीमार पड़ते हैं तो जिम्मेदारी लेनेवाला कोई नहीं है.
बिस्किट मालिक जिससे आपने खरीदा है उसे खोजकर भी बाहर नहीं कर सकते और न ही बिस्किट बनाने वाले का कोई अता-पता है.
बिस्किट कहां से आता है और कौन बनाता है कोई नहीं जानता. बिस्किट बनने और खराब होने की तारीख भी कोई नहीं जानता. हालांकि इन्हें बिक्री करनेवाले इन बिस्किटों को बिहार के पटना बेकरी से लाने का दावा करते हैं और धड़ल्ले से बेचते हैं. लेकिन पटना बेकरी में बने होने का प्रमाण नहीं दे पाते. इन बिस्किटों की अवैध बिक्री की बार-बार मिल रही शिकायत के आधार पर गुरूवार को सिलीगुड़ी नगर निगम के फूड इंस्पेक्टर गणेश भट्टाचार्य के नेतृत्व में मुहिम चलायी गयी और बड़े परिमाण पर बिस्किट जब्त किया गया.
निगम ने यह मुहिम 46 नंबर वार्ड के दार्जिलिंग मोड़ के निकट गैस गोदाम शिवनगर इलाके में चलायी. श्री भट्टाचार्य ने कहा कि बिस्किट के नमूने की जांच की जायेगी़ जांच के लिए नमूने को कोलकाता स्थित पब्लिक हेल्थ सरकारी लेबोरेटरी में भेजा गया है. अगर जांच में कुछ भी गलत पाया गया तो कानूनी कार्रवायी की जायेगी.
