दार्जिलिंग : आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा पूरे राज्य में 294 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. इसके साथ ही भाजपा पहाड़ के तीनों विधानसभा सीट पर अपना उम्मीदवार खड़ा करेगी. इसके लिए जिला कमेटियों का गठन किया गया है. दार्जिलिंग विधानसभा सीट के लिए सबीर शर्मा को चुनाव संचालन कमेटी का कन्वेनर बनाया गया है. कर्सियांग सीट के लिए रंदीप सुब्बा और कालिम्पोंग विधानसभा सीट के लिए दीपक पोडेल का चयन किया गया है.
जिला कमेटी द्वारा गठित चुनाव संचालन कमिटी में 13-13 सदस्य होंगे. यह जानकारी भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज देवान ने दी है. श्री देवान ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि मोरचा भाजपा की मित्र है, इसलिये पहाड़ के तीनों विधानसभा सीट को लेकर पार्टी हाई कमान मोरचा से बातचीत करेंगे़ फिर भी पहाड़ के तीन सीटों में से भाजपा को दो सीटे देनी होगी. यदि ऐसा नहीं हुआ तो भाजपा पहाड़ के तीनों सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारेगी और क्षेत्रीय दलों के साथ तालमेल करेगी.
श्री देवान ने आगे कहा कि क्षेत्रीय दलों के लिए भाजपा का दरवाजा हमेशा खुला रहता है. पहाड़ पर चुनावी मुद्दा पर श्री देवान ने कहा कि कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करना, स्कूल सर्विस कमीशन आदि का गठन मुख्य चुनावी मुद्दा होगा.
अलग गोरखालैंड राज्य के निर्माण को लेकर उन्होंने कुछ भी नहीं कहा़ उन्होंने कहा कि पहाड़ की चुनाव संचालन कमेटी अपने-अपने क्षेत्रों की रिपोर्ट 6 मार्च तक जिला अध्यक्ष को सौंप देगी़ 7 मार्च को कोलकाता में प्रदेश कमेटी की बैठक में इस रिपोर्ट पर विचार होगा. इसके बाद पार्टी हाई कमान के निर्देश पर जिला कमेटी के लोग भावी रणनीति तय करेंगे.
