विधानसभा चुनाव में भारी जीत का किया दावा, डाबग्राम फूलबाड़ी से ही चुनाव लड़ेंगे गौतम देव
जलपाईगुड़ी. तृणमूल कांग्रेस चाहती है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में माकपा तथा कांग्रेस के बीच गठबंधन हो. ऐसा होने पर इन दोनों ही पार्टियों की आदर्शहीन नीति से आम मतदाता अवगत हो जायेंगे. कल तक जो लोग एक-दूसरे को नहीं सुहाते थे, आज वही लोग तृणमूल कांग्रेस को रोकने के नाम पर आपस में […]
जलपाईगुड़ी. तृणमूल कांग्रेस चाहती है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में माकपा तथा कांग्रेस के बीच गठबंधन हो. ऐसा होने पर इन दोनों ही पार्टियों की आदर्शहीन नीति से आम मतदाता अवगत हो जायेंगे. कल तक जो लोग एक-दूसरे को नहीं सुहाते थे, आज वही लोग तृणमूल कांग्रेस को रोकने के नाम पर आपस में गठबंधन कर रहे हैं. इससे तृणमूल कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा. आने वाले विधानसभा चुनाव में एक बार फिर से तृणमूल कांग्रेस की जीत होगी और ममता बनर्जी फिर से मुख्यमंत्री बनेंगी.
यह बातें तृणमूल कांग्रेस के नेता तथा उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव ने कही. वह धूपगुड़ी में एक कॉलेज के नये भवन के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे. उन्होंने कांग्रेस तथा वाम मोरचा के बीच संभावित गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चाहे कोई जितना भी गठबंधन क्यों न कर ले, चुनाव में जीत ममता बनर्जी की ही होगी. सत्ता में आने के बाद से ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में लगातार विकास का काम कर रही हैं.
आम लोग इसे देख रहे हैं. उन्होंने बिमल गुरूंग का नाम लिये बगैर गोजमुमो पर भी निशाना साधा. उन्होंने साफ तौर पर कहा कहा कि दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र में गोजमुमो की स्थिति खराब है. पहाड़ के लोगों ने गोजमुमो को नकार दिया है. इस बार विधानसभा चुनाव में गोजमुमो का पूरी तरह से सफाया हो जायेगा. इसके साथ ही उन्होंने इस बार भी अपने पुराने विधानसभा क्षेत्र डाबग्राम-फूलबाड़ी से ही चुनाव लड़ने की इच्छा जतायी. उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी जहां से कहेगी, वह चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं, लेकिन वह चाहते हैं कि वह फिर से उसी विधानसभा सीट से लड़ें जहां से वह विधायक हैं.
गर्ल्स कॉलेज के नये भवन का उद्घाटन
इस बीच, धूपगुड़ी नगरपालिका के एक नंबर वार्ड में स्थित गर्ल्स कॉलेज के नये भवन का उन्होंने उद्घाटन किया. वर्ष 2013 में ममता बनर्जी ने जलपाईगुड़ी आर्ट गैलरी में एक कार्यक्रम के दौरान धूपगुड़ी में गर्ल्स कॉलेज बनाने की घोषणा की थी. उसके बाद ही यहां काम शुरू हो गया. उत्तर बंगाल विकास मंत्रालय की ओर से कॉलेज के भवन निर्माण के लिए चार करोड़ 49 लाख रुपये जारी किये गये. इस अवसर पर एनबीएसटीसी के चेयरमैन सौरभ चक्रवर्ती के अलावा जिला अधिकारी पृथा सरकार भी उपस्थित थीं.